East Singhbhum News : चाकुलिया में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, वार्ड पार्षद समेत 4 गिरफ्तार

बोतलों में भरी जा रही थी नकली अंग्रेजी शराब

चाकुलिया. चाकुलिया पुलिस ने मंगलवार को पुरनापानी क्षेत्र में जुए के अड्डे पर छापेमारी के दौरान अवैध नकली शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया है. इस काले कारोबार का केंद्र वार्ड संख्या-6 के पार्षद मलय रुहीदास का घर पाया गया. पुलिस ने मौके से पार्षद समेत चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है.

जुआरियों को पकड़ने गयी थी पुलिस मिली शराब फैक्ट्री:

चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार को सूचना मिली थी कि वार्ड पार्षद मलय रुहीदास के घर पर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है. इस सूचना पर जब पुलिस टीम ने दबिश दी, तो वहां भगदड़ मच गयी. पुलिस ने मौके से लगभग एक दर्जन युवकों को हिरासत में लिया और 13,300 रुपये नकद, कई मोबाइल और बाइकें जब्त की. जुआ खेलने के आरोप में पकड़े गये भयंकर बेरा ने कड़ाई से पूछताछ के दौरान इस घर के भीतर चल रहे अवैध शराब के कारोबार और इसमें शामिल माफियाओं के नामों का राज उगल दिया.

घर के भीतर का नजारा देख पुलिस के होश उड़े :

जब पुलिस टीम ने घर के कमरों की तलाशी ली, तो वहां अवैध शराब बनाने का पूरा जखीरा मिला. जांच में पता चला कि यहां ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की खाली बोतलों में नकली शराब भरकर उन्हें नये ढक्कन से सील किया जाता था और बाजार में ऊंचे दामों पर असली बताकर बेचा जाता था. पुलिस ने मौके से बरामद सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया है. पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों में वार्ड पार्षद मलय रुहिदास, भयंकर बेरा, गोपी द्वारिया और सुजीत सरदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है. इनलोगों के खिलाफ चाकुलिया थाना में दो अलग-अलग मामले दर्ज किये गये हैं. चाकुलिया थाना कांड संख्या 19/26, दिनांक 31.03.2026 धारा -318(2)/318(4) बीएनएस एवं 3/4/11 बंगाल पब्लिक गैंबलिंग एक्ट -1867 और चाकुलिया थाना कांड संख्या 20/2026 दिनांक 31.03.2026 धारा 318/340/348/349/350/3(5) बीएनएस एवं 47(ए)/47(बी)/47(डी) उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Atul pathak

अतुल पाठक ने दून ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून से मास्टर डिग्री पूरी की है. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब तीन वर्षों का अनुभव है. पिछले दो वर्षों से वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और कोल्हान क्षेत्र की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के साथ काम करने का अनुभव है. स्थानीय मुद्दों, जनसरोकार और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. पत्रकारिता के अलावा उन्हें क्रिकेट में विशेष रुचि है.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >