East Singhbhum News : सड़क की बदहाली से युवाओं के लिए नहीं आ रहे रिश्ते
डुमरिया. डुमरिया प्रखंड की सबसे व्यस्त सड़कों में शुमार सेरालडीह मुख्य सड़क से सातबाखरा तक की दूरी ग्रामीणों के लिए किसी अभिशाप से कम नहीं है. पोड़सा, मंदा, बारेडीह, नरसिंहबहाल और हल्दीबनी को जोड़ने वाली यह सड़क पिछले 15 वर्षों से जर्जर हाल में है. सड़क पर पिच का नामोनिशान मिट चुका है. अब सिर्फ उभरे हुए पत्थर और जानलेवा गड्ढे शेष हैं.
टेंडर के बावजूद नहीं शुरू हुआ काम:
ग्रामीणों में प्रशासन और ठेकेदार के प्रति भारी आक्रोश है. बताया जा रहा है कि सेरालडीह से नरसिंहबहाल तक सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है. इसका टेंडर हो चुका है, लेकिन अज्ञात कारणों से संवेदक (ठेकेदार) ने अब तक काम शुरू नहीं किया है. इस लेटलतीफी ने धोलाबेड़ा, कांटााशोला, खड़िदा और कुमडाशोल पंचायत के हजारों लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. आंदोलन के बाद भी नतीजा शून्य: नरसिंहबहाल से बारुनिया और नूनिया से मारांगसोंगा तक की संपर्क सड़कें भी चलने लायक नहीं बची हैं. ग्रामीण कई बार विरोध-प्रदर्शन कर चुके हैं. प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आश्वासन के सिवा उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे.
बारिश से नारकीय स्थिति
सड़क की हालत इतनी खराब है कि बारिश के दिनों में यह फिसलन भरी और खतरनाक हो जाती है. सबसे बुरा हाल स्कूली बच्चों, मरीजों और पेंशनभोगी बुजुर्गों का होता है. स्थिति इस कदर बिगड़ चुकी है कि ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की दुर्दशा देखकर अब उनके घरों में आने वाले शादी के रिश्ते भी टूटने लगे हैं.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.