मुसाबनी : बागजांता खदान के डिक लाइन के बुनियादी मजदूरों को रोजगार के लिए गुरुवार को अंचल कार्यालय में होने वाली त्रिपक्षीय वार्ता स्थगित हो गयी. हालांकि वार्ता के लिए झारखंड क्रांतिकारी मजदूर यूनियन बागजांता के अध्यक्ष रूपाई हांसदा के नेतृत्व में मजदूर अंचल कार्यालय पहुंचे थे. सीओ के रांची चले जाने के कारण वार्ता नहीं हो पायी. रूपाई हांसदा ने कहा कि दो अप्रैल से डिकलाइन में काम करने वाले 72 मजदूरों को काम से बैठा दिया गया है.
यूनियन ने यूसिल प्रबंधन से मजदूरों को रोजगार देने की मांग पर वार्ता करने का अनुरोध किया था. बागजांता माइंस के अतिरिक्त प्रबंधक डी हांसदा ने पत्र देकर 17 मई को शाम चार बजे अंचल कार्यालय में वार्ता की बात कही थी. वार्ता के लिए पहुंचने पर वार्ता स्थगित होने की जानकारी मिली. जिससे ठेका मजदूरों में निराशा है. रूपाई हांसदा ने कहा यूसिल प्रबंधन का कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा था. वार्ता में यूनियन के सचिव राजेन कैवर्त, निर्मल पातर, कोका कैवर्त, हरिपद भकत, सिंगराय हांसदा, डेमो हांसदा आदि उपस्थित थे.
