चाईबासा : पंचायत कार्यों में हो रही दिक्कत को लेकर मंगलवार को मंझारी प्रखंड की पांगा पंचायत के रंकुई स्थित पुरनो पंचायत भवन के समक्ष छह मौजा के ग्रामीणों ने बैठक की. इसकी अध्यक्षता पूर्व सैनिक सोनाराम तामसोय ने की. इसमें छह मौजा के मुंडा व डाकुवा शामिल हुए. बताया गया कि पांगा पंचायत का भवन गांव से काफी दूर है. ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है. पंचायत भवन तक आने-जाने के लिए सड़क मार्ग नहीं है. ग्रामीणों को पैदल जाना पड़ता है. निर्णय लिया गया कि पंचायत भवन को पूर्व की तरह रंकुई चौक स्थित पुराने भवन में स्थापित किया जाये. यह सभी दृष्टिकोण से सुविधाजनक होगा.
उपायुक्त से मिलकर रखी समस्याएं, आश्वासन : बैठक के बाद 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. बताया कि पंचायत पंगा का गठन 7 मौजा (पंगा, जंगीबुरू, रंकुई, कुंदरूगुट्टू, टेंगरा, महाबुरू उर्फ पापागड़ा तथा गंगीमुंडी) को शामिल कर किया गया है. यह दुर्गम पहाड़ों व जंगलों से घिरा है. यहां ग्रामीणों के आने-जाने के लिए सुगम सड़क मार्ग नहीं है. पंगा पंचायत आज भी विकास से दूर है. उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. प्रतिनिधिमंडल में सोनाराम तामसोय, हरिन तामसोय, कृष्णा बिरूवा, ब्रजमोहन बिरूवा, सुपाय तामसोय, ग्रामीण मुंडा क्रियाय तामसोय, रंधों बिरुवा, बिरसा बिरुवा, माटा कुंकल, सागर तामसोय आदि उपस्थित थे.
छह मौजा के ग्रामीणों ने बैठक कर लिया निर्णय
पंचायत भवन दूर व सुगम रास्ता नहीं होने से परेशानी
ग्रामीणों को नहीं मिल रहा विकास योजनाओं का लाभ
पंचायत भवन पूर्व की तरह रंकुई में लाने की मांग
