बकरी खरीदने के बहाने आंगन में घुसे थे अपराधी
दो नकाबपोश अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
दोनों हमलावर संताली भाषा में बात कर रहे थे
गोली चलाने के बाद दोनों पैदल ही निकल गये
गालूडीह : घाटशिला थानांतर्गत जगन्नाथपुर गांव के पाथरडीह टोला में मंगलवार की रात नकाबपोश दो हमलावरों ने विधवा करुणा सोरेन ( 60) की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी. वृद्धा के गर्दन, आंख और नाक के पास गोली लगी है. वृद्धा अपने घर के बरामदे में खटिया पर सोयी थी. हमलावरों ने वृद्धा को उठाकर करीब से गोलियां चलायी. परिजनों ने बुधवार की सुबह बनकांटी के मुखिया ठाकुर प्रसाद मार्डी को सूचना दी. घाटशिला के थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह पहुंचे. जांच के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
डायन-बिसाही में हत्या की आशंका
पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की. हालांकि हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. आशंका है कि डायन-बिसाही के चक्कर में हत्या की गयी है. सुबह घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी थी. परिजनों ने बताया हम लोगों का किसी से कोई विवाद नहीं है. पुलिस हर बिंदू पर मामले की जांच में जुटी है.
बहू के चिल्लाने पर धमकी देकर चुप कराया
मृतका के पुत्र उदय सोरेन ने बताया कि रात करीब दस बजे दो नकाबपोश लोग घर पहुंचे. उन्होंने पूछा तुम्हारी मां कहां है बकरी खरीदनी है. मां बैल-बकरी की देखभाल और बेचती है. मैंने बरामदे में सोने की बात कही. इसके बाद हमलावर वहां पहुंचे. मां को जगाकर गोली चला दी. गोली चलने के तीन आवाज आयी.
इसके बाद हम लोग डर गये. मेरी पत्नी बारी सोरेन शोर मचाने लगी, तो हमलावरों ने धमकाया और चुप करा दिया. दोनों हमलावर संताली भाषा में बात कर रहे थे. गोली चलाने के बाद दोनों पैदल ही निकल गये. इसके बाद गांव में खबर दी. रात में ग्रामीण घर पहुंचे.
गोली चलने से परिवार वाले सहम गये थे
उदय सोरेन ने बताया कि मैं अपनी पत्नी बारी सोरेन, पुत्र सोमरा सोरेन, शैल सोरेन, दीपक सोरेन और बेटी रानी सोरेन के साथ घर पर दूसरे बरामदे में सोये थे. गोली चलने से सभी सहम गये.
दो खोका मिले, एक गोली बरामद
पुलिस को घटनास्थल से दो खाली खोके और 6 एमएम की एक गोली मिली है. पुलिस के अनुसार पिस्तौल से गोली चलायी गयी है. दो गोली शरीर में धंस गयी है. एक पार हो गयी. पुलिस हत्या का कारणों का पता लगाने में जुटी है.
