डायनमारी में ग्रामीणों की बैठक, राशन दुकान रद्द करने की मांग
घाटशिला : कालचिती पंचायत के डाइनमारी गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने मुखिया सोमवारी सोरेन की अध्यक्षता में बैठक की. इसमें जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने जन वितरण प्रणाली से संबंधित समस्याएं सुनी. उसका समाधान करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जन किशन महिला मंडल का जन वितरण से संबंधित जो मामला है. अनुमंडलाधिकारी के नाम से आवेदन लिखकर दें. उसकी उच्च स्तरीय जांच करा जन वितरण प्रणाली दुकान को रद्द किया जाये. उक्त राशन दुकान अध्यक्ष जनकी महतो के नाम से है. दुकान का संचालन महिला समूह नहीं शत्रुघ्न महतो करता है. अंत्योदय कार्डधारियों को दो माह का 70 किलो चावल की जगह 63 किलो चावल दिया गया है. कार्डधारियों से 80 रुपये लिये गये हैं.
पीएच कार्डधारी को सही से चावल नहीं दिया जाता है. अध्यक्ष की अनुपस्थिति में शत्रुघ्न महतो ने दुकान से संबंधित लेखा जोखा ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत किया. इससे ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए. मौके पर खोगेन महतो, रामचंद्र महतो, नगेन महतो, सजुग महतो, अंबुज कर्मकार, निर्माण कर्मकार सहित ग्रामीण उपस्थित थे. बैठक में जन किशन महिला मंडल की अध्यक्ष जानकी महतो नहीं शामिल हुईं. पति मधुसूदन महतो भी ग्रामीणों के पक्ष में थे. श्री महतो ने कहा कि जानकी घर से मवेशी लेकर जंगल की तरफ गयी है. दूसरी तरफ जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने जन वितरण प्रणाली दुकान से संबंधित मामले को एमओ फिलिप आनंद कुमार एक्का के समक्ष रखा. उन्होंने इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.
