उद्यान में कार्यालय के पास एक बोरे में रखी है शराब की खाली बोतलें
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा मुख्य बाजार सड़क किनारे स्थित नेताजी शिशु उद्यान में शाम होते ही नशेड़ियों का जमावड़ा लगता है. देर रात तक शराबियों की महफिल जमती है. शिशु उद्यान स्थित कार्यालय के पास एक बोरे में शराब की खाली बोतलें रखी हैं. उद्यान के बेकार कुआं तथा उसके आसपास सिगरेट के पैकेट, शराब की बोतलें, ग्लास आदि की भरमार है.
यह उद्यान पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाके का सबसे सुंदर और आकर्षक उद्यान है. उद्यान में महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस समेत कई महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित हैं. बच्चों के लिए पार्क है. शाम को उद्यान में बच्चे खेलने आते हैं. बुजुर्ग भी उद्यान में आते हैं. इस उद्यान की चहारदीवारी फांद कर ड्रग्स सेवन करने वाले आते हैं. उद्यान के पास के एक गुमटी में अवैध शराब बेची जाती है. शिशु उद्यान के संस्थापक सह देखरेख कर्ता रवींद्र नाथ ने कहा कि इसकी शिकायत कई बार प्रशासन से की. पहल नहीं हुई.
