गालूडीह के रंजीत ने कहा, बार-बार परेशान कर रही है पुलिस
मुझे बदनाम करने की हो रही साजिश, करेंगे शिकायत
गालूडीह : लूडीह थानांतर्गत कालीमाटी निवासी रंजीत गोप के स्टेशन रोड स्थित दुकान, कालीमाटी स्थित पुराने घर और स्टेशन रोड स्थित नये आवास पर शनिवार की दोपहर पुलिस ने छापेमारी की. पुलिस को सूचना मिली थी कि घर में अवैध रूप से विदेशी शराब छिपा कर रखे गये हैं.
पुलिस ने तीन जगहों पर घंटों तलाशी ली. हालांकि कुछ नहीं मिला. पुलिस ने बताया कि सूचना थी कि रंजीत गोप अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बिक्री करता है. छापामारी में कुछ नहीं मिला. पुलिस की इस कार्रवाई पर रंजीत गोप ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मुझे बेवजह परेशान और बदनाम किया जा रहा है.
मैं पान और स्टेशनरी दुकान चलाता हूं. शराब की बिक्री नहीं करता. इसके पूर्व भी पुलिस ने छापामारी की थी. तब भी कुछ नहीं मिला था. इसके बावजूद बार-बार इस तरह की पुलिसिया कार्रवाई से मैं और हमारे परिजन परेशान हैं. इसकी शिकायत वरीय पुलिस अधीक्षक से करेंगे.
