40 फीट गड्ढे में बारूद को किया नष्ट

बहरागोड़ा : कोल्हान आयुक्त ब्रजमोहन कुमार तथा डीआइजी साकेत कुमार सिंह ने मंगलवार को कुमारडुबी गांव पहुंचकर वहां दो दिन पूर्व हुए पटाखा विस्फोट कांड की जांच की. गांव में दूसरे दिन भी छापेमारी की गयी जिसमें करीब दो मिनी ट्रक बारूद, गंधक व पटाखे बरामद किये गये. झारखंड जगुआर के बम निरोधक दस्ते ने […]

बहरागोड़ा : कोल्हान आयुक्त ब्रजमोहन कुमार तथा डीआइजी साकेत कुमार सिंह ने मंगलवार को कुमारडुबी गांव पहुंचकर वहां दो दिन पूर्व हुए पटाखा विस्फोट कांड की जांच की. गांव में दूसरे दिन भी छापेमारी की गयी जिसमें करीब दो मिनी ट्रक बारूद, गंधक व पटाखे बरामद किये गये. झारखंड जगुआर के बम निरोधक दस्ते ने छह बोरी बारूद तथा इतने ही गंधक को गड्ढा खोदकर उसमें गाड़ दिया, वहीं पटाखों को 40 फीट का गड्ढा खोदकर उसमें डालने के बाद रस्सी से आग लगाकर नष्ट कर दिया गया.

इधर, एसएसपी अनूप टी मैथ्यू ने बड़शोल थाना प्रभारी विनोद कुमार दास को सस्पेंड कर दिया है. दास के बयान पर 13 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस ने आरोपियों के घरों की तलाशी ली लेकिन सभी फरार पाये गये.
हम पर खतरा बरकरार : ग्रामीण. जांच करने पहुंचे अधिकारियों ने कुमारडुबी में चौपाल लगाकर घटना के प्रभावितों व अन्य ग्रामीणों से विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान लोगों ने बताया कि गांव में कई लोग अवैध रूप से पटाखा बनाते हैं और घटना के बाद भारी मात्रा में पटाखे फेंके या छिपाये गये हैं. यह बात भी सामने आयी कि दुर्गा पदो के घर के अंडरग्राउंड में अब भी बड़ी मात्रा मेें पटाखे रखे हैं. ग्रामीणों ने सभी विस्फोटकों के जब्त करने और पटाखा निर्माण पर रोक लगाने की मांग की. लोगों ने कहा कि वे अब भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. ग्रामीणों की बात सुनने के बाद डीआइजी ने पुलिस पदाधिकारियों को सभी पटाखे जब्त करने का निर्देश दिया.
इनके खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी. दुर्गा पदो सांतरा, अरविंद सांतरा, शक्ति पदो सांतरा, हरि पदो सांतरा, सदानंद सांतरा, कल्याण गंड, सत्यवान गंड, सुब्रत गंड, खकन सांतरा, रवि शंकर सांतरा, रंजीत सांतरा, अजीत नंदी, वैष्णव पदो प्रधान. इनमें 11 अभियुक्त तीन परिवार के हैं. दुर्गा पदो पांच भाई, कल्याण गंड तीन भाई और खकन सांतरा तीन भाई नामजद हैं. शेष दो अभियुक्त अलग-अलग परिवार के हैं. इससे जाहिर है कि कुमारडुबी में अवैध पटाखा के निर्माण मुख्य रूप से तीन परिवारों द्वारा ही किया जा रहा था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >