चाकुलिया : चाकुलिया तथा घाटशिला एक एसएफसी गोदाम में हुए खाद्यान्न घोटाले की खबर प्रकाशित होने व विधायक कुणाल षाड़ंगी द्वारा रांची में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर मामले का खुलासा करने के बाद हड़कंप मचा है. खाद्य व आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने मामले की जांच के लिए जांच कमेटी गठित की है. इसके लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी सहमति दी की है.
जांच कमेटी का नेतृत्व जल एवं संसाधन विभाग के अपर सचिव सुखदेव सिंह करेंगे. विधायक ने बताया कि कमेटी शीघ्र ही मामले का जांच करेगी. विधायक ने बताया कि इस जांच कमेटी में श्रम विभाग के सचिव अमिताभ कौशल, वित्त विभाग के सचिव सत्येंद्र सिंह तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सचिव विनय चौबे शामिल हैं. विदित हो कि चाकुलिया के एसएफसी गोदाम में खाद्यान्न तथा चीनी की हेराफेरी की शिकायत पिछले कई माह से लगातार मिल रही थी.
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने डाकिया योजना मद में सबरों के चावल की हेराफेरी करने इसके पूर्व चीनी की हेराफेरी करने की शिकायत करते हुए जांच की मांग उपायुक्त से की थी. भाजपा नेता समीर महंती ने भी अप्रैल के चावल की हेराफेरी करने को लेकर कार्डधारियों के साथ 17 अगस्त को एसएफसी गोदाम में बवाल किया था.
