घाटशिला : घाटशिला पुलिस को घटना के 11 घंटे बाद जानकारी मिली कि पंजाब नेशनल में लूट के लिए आया युवक साइकिल लेकर आया था. संभवत: युवक बैंक खुलने के पूर्व यहां पहुंच गया था. उसने सड़क के किनारे साइकिल खड़ी की थी. रात करीब 8.25 बजे पुलिस उसकी साइकिल थाना ले गयी. अगर पुलिस चौकस रहती थी को अपराधी की हर गतिविधि की जानकारी उसे सीसीटीवी फुटेज देख कर मिल जाती. युवक बैंक की शाखा जाने से पूर्व मंकी टोपी नहीं पहनी थी.
वह आराम से चश्मा लगा कर बैंक की अंतिम सीढ़ी तक गया. बैंक की सीसीटीवी कैमरा जहां लगा है. उसके पीछे जाकर मंकी टोपी पहनी होगी. भुजाली ली होगी. इसके बाद बैंक की शाखा में प्रवेश किया. अपराधी बैंक की शाखा में पहुंचने के बाद कैश काउंटर के पास पहुंचा. यहां रोकड़िया अमित कुमार दे कैश काउंटर का दरवाजा बिना लॉक किये बैठे थे. रोकड़िया ने बताया कि भुजाली देख वह डर गये थे. भय से उन्होंने इमरजेंसी सायरन नहीं बजाया.
