दुमका : जिला खेल कार्यालय दुमका के तत्वावधान में ताइक्वांडो एवं अन्य मार्शल आर्ट विधाओं के वरिष्ठ खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए पांच दिवसीय सेमिनार-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 से 27 सितंबर तक नवनिर्मित दिसोम गुरु शिबू सोरेन स्टेडियम दुमका में होगा.
दो सत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम दो सत्रों में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा. इसमें ताइक्वांडो सहित विभिन्न मार्शल आर्ट विधाओं की तकनीकी दक्षता, प्रशिक्षण पद्धति, शारीरिक क्षमता के विकास और खेल कौशल को बेहतर बनाने पर विशेष जोर रहेगा. प्रतिभागियों को मार्शल आर्ट से जुड़े तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जायेगी.
एनआइएस प्रशिक्षित जिला खेल पदाधिकारी करेंगे मार्गदर्शन
प्रशिक्षण का संचालन और मार्गदर्शन जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार करेंगे. उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स से ताइक्वांडो में डिप्लोमा प्राप्त किया है और ताइक्वांडो कोच के रूप में भी प्रशिक्षित हैं.
वरिष्ठ खिलाड़ी और प्रशिक्षक ले सकेंगे हिस्सा
जिला खेल कार्यालय के अनुसार ताइक्वांडो और अन्य मार्शल आर्ट विधाओं के इच्छुक वरिष्ठ खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं. इच्छुक प्रतिभागियों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराने की अपील की गयी है.
