बासुकिनाथ.
राजकीय श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में फूड सेफ्टी टीम ने जरमुंडी क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया. नंदी चौक, बस स्टैंड और जरमुंडी ब्लॉक रोड स्थित पेड़ा दुकानों, भोजनालयों, रेस्टोरेंट और किराना दुकानों समेत कुल 31 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गयी.
31 दुकानों की जांच, मौके पर 78 खाद्य नमूनों की जांच
जांच के दौरान एमएफटीएल की टीम ने ऑन द स्पॉट कुल 78 खाद्य नमूनों की जांच की. इनमें पेड़ा, हल्दी, सब्जी, दही, तेल, मिर्च पाउडर और दूध समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने शामिल थे. जांच में मानक के अनुरूप नहीं पाये गये 116 किलोग्राम पेड़ा को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया.
इसके अलावा 4 किलोग्राम हल्दी और 2 लीटर तैयार दाल भी मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर नष्ट करायी गयी. कार्रवाई के बाद खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही.
एक्सपायर्ड पेय पदार्थों की 37 बोतलें जब्त
फूड सेफ्टी टीम ने दुकानों में रखे पेय पदार्थों की भी जांच की. इस दौरान एक्सपायर्ड पाये गये थम्स अप और माजा की कुल 37 बोतलें जब्त की गयीं. टीम ने सभी एक्सपायर्ड बोतलों को मौके पर ही नष्ट करा दिया.
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ग्राहकों को केवल सुरक्षित और मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री ही उपलब्ध करायी जाये. किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत दी गयी.
साफ-सफाई और एक्सपायरी डेट का रखें विशेष ध्यान
फूड सेफ्टी टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को दुकानों और भोजनालयों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया. खाद्य सामग्री को उचित तरीके से रखने और उसके रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.
अधिकारियों ने दुकानदारों को एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ और पेय पदार्थ की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी. टीम ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा.
श्रावणी मेला तक जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि राजकीय श्रावणी मेला के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा. खासकर पेड़ा, दूध, दही, तेल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री की नियमित जांच की जायेगी.
जांच अभियान में एफएसओ अंजना रानी मिंज, जरमुंडी थाना पुलिस बल, शुभम कुमार, जूनियर एनालिस्ट एमएफटीएल और सुधांश कुमार, लैब अटेंडेंट मौजूद थे. खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई के बाद जरमुंडी क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा.
