जामा : जामा थाना क्षेत्र की भटनिया पंचायत के पतसर गांव में गुरुवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से तीन घरों में आग लग गयी. हादसे में घरेलू सामान, खाद्य सामग्री समेत करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गयी. आग लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी.
शॉर्ट सर्किट से मिट्टी-खपड़ेल के घर में लगी आग
पीड़िता पार्वती सोरेन ने बताया कि अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से मिट्टी और खपड़ेल के घर में आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने आसपास स्थित फुलेश्वर टुडू और लुखीराम सोरेन के खपड़ेल के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया.
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
आग की लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर जुट गये और तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया. घटना की सूचना जामा थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीण आग बुझा चुके थे.
घरेलू सामान समेत जरूरी सामग्री जलकर नष्ट
अगलगी में तीनों घरों में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी सामग्री जलकर नष्ट हो गयी. हादसे में करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात बतायी गयी है.
पीड़ित परिवारों ने राहत राशि की मांग की
पीड़ित परिवारों ने घटना को लेकर जामा थाना में सनहा दर्ज कराया है. साथ ही अंचलाधिकारी से आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से सरकारी राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है.
