प्रतिनिधि, रानीश्वर :दुमका से रानीश्वर-सिउड़ी होते हुए कोलकाता जाने वाली सड़क पर मयुराक्षी नदी के ऊपर बना आमजोड़ा उच्च स्तरीय पुल इन दिनों बदहाल स्थिति में है. पुल के लगभग सभी ज्वाइंट पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. इससे पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ साइकिल और बाइक सवारों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ज्वाइंट पर बने गड्ढे हुए खतरनाक
स्थानीय लोगों के अनुसार पुल पर एक साल से अधिक समय से गड्ढे बने हुए हैं. कई जगह ज्वाइंट के आसपास गड्ढे इतने बड़े हो गये हैं कि पुल के ऊपर से नीचे मयुराक्षी नदी का पानी तक दिखाई देता है. ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों और दोपहिया चालकों के लिए यह हिस्सा परेशानी का कारण बना हुआ है.
पुल से होकर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. गड्ढों के कारण वाहनों को झटके लगते हैं और दोपहिया चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है.
लोगों ने मिट्टी भरकर की आंशिक मरम्मत
पुल की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने फिलहाल खुद ही गड्ढों में मिट्टी भरकर आंशिक रूप से मरम्मत की है. इससे कम से कम दोपहिया वाहन चालकों को कुछ राहत मिली है. हालांकि मिट्टी भरने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है और बारिश तथा वाहनों की आवाजाही से यह फिर खराब हो सकता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक विभाग की ओर से गड्ढों की स्थायी मरम्मत नहीं करायी गयी है.
डेढ़ करोड़ के टेंडर की जानकारी
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुल के ऊपर बने गड्ढों की मरम्मत के लिए पथ निर्माण विभाग की ओर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का टेंडर निकाला गया है. हालांकि स्थानीय लोगों को अब काम शुरू होने का इंतजार है.
लोगों का कहना है कि पुल की लगातार खराब होती स्थिति को देखते हुए मरम्मत कार्य जल्द शुरू किया जाना जरूरी है, ताकि आवागमन में परेशानी के साथ किसी बड़े हादसे की आशंका को भी टाला जा सके.
