दुमका में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम संवाददाता, दुमका दुमका में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का रविवार देर शाम सफलतापूर्वक समापन हो गया. प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. प्रतियोगिता के सफल संचालन में मुख्य निर्णायक मधुसूदन मुर्मू के नेतृत्व में चिन्मय शाश्वत, अभय मिंज, शोभोजित रक्षित, अमन राज, शुभाशीष नंदी, अतुल चंदन, ज्वैल्शन किस्कू एवं सौरभ दास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. समापन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया. उन्होंने पुरुष एकल बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा भी की, जिसमें विजेता को 10 हजार रुपये और उपविजेता को 5 हजार रुपये के वाउचर दिए जाएंगे, ताकि खिलाड़ी खेल सामग्री खरीद सकें. 13 वर्ष आयु वर्ग में रोमांचक मुकाबले 13 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिका एकल स्पर्धा में निशा मरांडी ने रूहानी पोद्दार को 15-6 एवं 15-8 से हराकर खिताब अपने नाम किया. वहीं बालक एकल मुकाबले में दिव्यांश राज ने समीर हेंब्रम को कड़े संघर्ष में 17-15, 12-15 एवं 15-13 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया. युगल और महिला वर्ग में कड़ा संघर्ष 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक युगल में प्रियम दत्ता और सार्थक जायसवाल की जोड़ी ने रोशन राज मरांडी एवं समीर हेंब्रम की जोड़ी को 13-15, 17-15 एवं 15-12 से हराकर खिताब जीता. महिला एकल वर्ग में निशा मरांडी ने प्रिया सोरेन को 15-5 एवं 15-7 से हराकर अपना दबदबा कायम रखा. पुरुष युगल में अंतिम तक चला रोमांच पुरुष युगल प्रतियोगिता में सुनील हांसदा एवं क्रिस्टोफर की जोड़ी ने रोमांचक मुकाबले में आकाश मंडल की जोड़ी को 17-15, 13-15 एवं 17-15 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया. कई मैच अंतिम क्षण तक चले, जिससे दर्शकों में उत्साह बना रहा.
निशा मरांडी ने दोहरी जीत से मचाया धमाल, प्रतियोगिता में चमके युवा खिलाड़ी
दुमका में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 13 वर्ष से कम आयु में निशा मरांडी और दिव्यांश राज ने एकल खिताब जीते। 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में प्रियम दत्ता-सार्थक जायसवाल की जोड़ी ने युगल खिताब जीतकर दम दिखाया। पुरुष युगल में सुनील हांसदा-क्रिस्टोफर की जोड़ी ने अंतिम रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की। विजेताओं को सम्मानित कर आने वाली प्रतियोगिता की घोषणा भी की गई।
