लोन का झांसा देकर, फाइल चार्ज के पैसे वसूले फिर दफ्तर पर ताला बंद कर एजेंट हुआ फरार!

उत्तम माइक्रोफाइनेंस ग्रुप के नाम पर ग्रामीण महिलाओं से लोन दिलाने का झांसा देकर हजारों रुपये वसूले गए. पैसे जमा कराने के बाद जब महिलाएं लोन लेने पहुंचीं तो दफ्तर पर ताला लटका मिला और एजेंटों के मोबाइल भी बंद आने लगे. कई पीड़ित महिलाएं ठगी का शिकार होने के बाद थाने पहुंची हैं.

माइक्रोफाइनेंस के नाम पर महिलाओं से कथित ठगी

प्रतिनिधि, बासुकिनाथ : जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र में माइक्रोफाइनेंस के नाम पर ग्रामीण महिलाओं से कथित ठगी का मामला सामने आया है. उत्तम माइक्रोफाइनेंस ग्रुप के नाम पर महिलाओं को ग्रुप लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे हजारों रुपये वसूल किए गए. लोन की राशि खाते में आने की उम्मीद में महिलाएं जब दुमका और जरमुंडी स्थित कार्यालय पहुंचीं तो वहां ताला लटका मिला. कार्यालय से कंपनी का पोस्टर भी गायब था. इसके बाद कथित एजेंटों के मोबाइल नंबर भी बंद आने लगे.

माइक्रोफाइनेंस कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

3000 से 3500 रुपये तक लिये

पीड़ित महिलाओं के अनुसार, गांव-गांव में ग्रुप बनाकर उन्हें लोन दिलाने का भरोसा दिया गया था. प्रत्येक ग्रुप में सात से 15 महिलाओं को शामिल किया गया. ग्रुप के प्रत्येक सदस्य से खाता खोलने और फाइल चार्ज के नाम पर करीब 3000 से 3500 रुपये तक लिए गए. भुगतान के बाद महिलाओं को रसीद भी दी गई, लेकिन रसीद पर तारीख अंकित नहीं थी.

एक-दो दिन में लोन का भरोसा

एजेंटों ने महिलाओं से कहा था कि एक-दो दिन के भीतर लोन की राशि उनके बैंक खाते में पहुंच जाएगी. लोन की राशि मिलने की उम्मीद में महिलाएं निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचीं, लेकिन वहां ताला बंद देखकर उनके होश उड़ गए. काफी देर इंतजार और संपर्क का प्रयास करने के बाद भी कोई कर्मचारी या एजेंट नहीं मिला.

मोबाइल बंद, महिलाओं को हुआ ठगी का एहसास

मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद क्षेत्र की दर्जनों पीड़ित महिलाएं शिकायत लेकर जरमुंडी थाना पहुंचीं. थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया चल रही है.

जांच के बाद प्राथमिकी की बात

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

जांच की मांग

इधर, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में माइक्रोफाइनेंस के नाम पर संचालित संस्थाओं की सत्यता की जांच करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीण महिलाओं को आसान लोन का लालच देकर ठगी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आदित्यनाथ पत्रलेख

आदित्यनाथ पत्रलेख वर्ष 2011 से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया, दोनों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखीं और राजनीतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर सटीक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की। जनहित से जुड़े विषयों पर फोकस्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों को सत्य एवं तटस्थता के साथ प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >