दुमका : सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में गुरुवार को कुलपति प्रोफेसर कुनुल कांडिर की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन एंड इवैल्यूएशन की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में स्नातक, स्नातकोत्तर, एमबीबीएस और पीएचडी से संबंधित विभिन्न मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. एमबीबीएस के शुल्क ढांचे एवं मानदेय से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई. बोर्ड ने प्रस्ताव को कुलपति के अनुमोदन के लिए भेजने का निर्णय लिया.
नए शोधार्थियों के लिए एसओपी को मिली मंजूरी
पीएचडी से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा के दौरान नए शोधार्थियों के लिए तैयार एसओपी को यथावत लागू करने की मंजूरी दी गयी. बोर्ड ने शोधार्थियों के लिए प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने पर जोर दिया.
आंतरिक अंक में देरी पर शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस
बैठक में परीक्षा परिणाम प्रकाशित होने के बाद आंतरिक अंक भेजे जाने के मामले पर बोर्ड ने कड़ी नाराजगी जतायी. जिन शिक्षकों की लापरवाही के कारण आंतरिक अंक भेजने में विलंब हुआ है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. बोर्ड ने परीक्षा प्रक्रिया में समयबद्धता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
दो स्थायी और आठ नियमित टेबुलेटरों के चयन को मंजूरी
परीक्षा की शुचिता अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से दो स्थायी और आठ नियमित टेबुलेटरों के चयन का भी बोर्ड ने अनुमोदन किया. इससे परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित करने की दिशा में कदम उठाया गया.
बीएड के चार परीक्षार्थियों के परिणाम स्वीकृत
वहीं, मधुस्थली कॉलेज के बीएड के चार परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम पर विचार कर उसे मंजूरी दी गयी. संबंधित दिशा-निर्देश में आवश्यक संशोधन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गयी.
नए स्टैच्यूट के तहत बदला परीक्षा बोर्ड का नाम
नए स्टैच्यूट के प्रावधानों के तहत परीक्षा बोर्ड का पुनर्गठन कर अब इसका नाम ‘बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन एंड इवैल्यूएशन’ कर दिया गया है.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में सभी संकायाध्यक्ष डॉ. बसंत कुमार गुप्ता, डॉ. विजय कुमार, डॉ. निलेश कुमार, डॉ. आरकेएस चौधरी, डॉ. खिरोधर प्रसाद यादव, डॉ. मेरी मार्गरेट टुडू, डॉ. पूनम हेंब्रम एवं डॉ. ज्योत्सना बा तथा सदस्य सचिव सह परीक्षा नियंत्रक डॉ. रीना नीलिमा लकड़ा उपस्थित रहीं. बाह्य सदस्य के रूप में बीबीएमके विश्वविद्यालय के डॉ. हेमशंकर चौधरी तथा सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची के प्रोफेसर डॉ. संजीव कुमार सिन्हा ऑनलाइन जुड़े.
आमंत्रित सदस्यों में कुलानुशासक डॉ. राजीव कुमार, कुलसचिव डॉ. अब्दुस सत्तार, वित्त पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, परीक्षा के ओएसडी डॉ. इंद्रनील मंडल, पीएचडी की ओएसडी डॉ. अनिता चक्रवर्ती, फूलो झानो मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गजेंद्र सिंह सहित अन्य शामिल थे. बैठक की शुरुआत परीक्षा नियंत्रक डॉ. रीना नीलिमा लकड़ा के स्वागत भाषण से हुई. अंत में परीक्षा ओएसडी डॉ. इंद्रनील मंडल ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
