प्रतिनिधि, रानीश्वर : बृंदावनी पंचायत के प्राथमिक विद्यालय मातकमबेड़ा में करीब दस वर्षों से सरकारी शिक्षक का पद रिक्त है. स्कूल में सरकारी शिक्षकों के दो पद सृजित हैं, लेकिन दोनों पद लंबे समय से खाली पड़े हैं. वर्तमान में स्कूल का संचालन दूसरे विद्यालय की एक पारा शिक्षिका की प्रतिनियुक्ति के भरोसे चल रहा है.
2017 में शिक्षक के स्थानांतरण के बाद खाली हुआ पद
जानकारी के अनुसार मातकमबेड़ा स्कूल में पदस्थापित एक शिक्षक की पदोन्नति होने के बाद वर्ष 2017 में उनका स्थानांतरण दूसरे विद्यालय में कर दिया गया था. इसके बाद से स्कूल में सरकारी शिक्षक का पद रिक्त है. स्कूल के संचालन के लिए इसी पंचायत के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बाथानबेड़ा की एक पारा शिक्षिका को यहां प्रतिनियुक्त किया गया है.
पारा शिक्षिका के बाहर जाने पर प्रभावित होती है पढ़ाई
मातकमबेड़ा स्कूल में वर्तमान में 46 बच्चों का नामांकन है. मातकमबेड़ा गांव आदिम जनजाति पहाड़िया बहुल गांव है. ग्रामीणों के अनुसार प्रतिनियुक्त पारा शिक्षिका जब विभागीय कार्य से स्कूल से बाहर जाती हैं, तो उस दिन बच्चों का पठन-पाठन प्रभावित हो जाता है. ग्रामीणों ने विद्यालय में स्थायी सरकारी शिक्षक की पदस्थापना की मांग की है.
शिक्षक की पदस्थापना के लिए विभाग से पहल की मांग
बृंदावनी की मुखिया किरण देवी ने कहा कि मातकमबेड़ा गांव पहाड़िया बहुल है और यहां लंबे समय से शिक्षक का पद रिक्त है. फिलहाल एक पारा शिक्षिका प्रतिनियुक्ति पर हैं. उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए विद्यालय में सरकारी शिक्षक की पदस्थापना जरूरी है. इसके लिए शिक्षा विभाग को पहल करनी चाहिए.
