दुमका : आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर 2026 के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. इसी क्रम में गुरुवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका सुधांशु कुमार शशि की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न बैंकों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी.
ऋण वसूली और एनपीए समेत लंबित मामलों पर हुई चर्चा
बैठक में बैंक से संबंधित लंबित मामलों, विशेषकर ऋण वसूली, एनपीए, बैंक ऋण, सर्टिफिकेट केस एवं प्री-लिटिगेशन मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में निष्पादित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी.
पात्र मामलों को चिह्नित कर पक्षकारों को नोटिस देने का निर्देश
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत की उपयोगिता एवं उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक पात्र मामलों को चिह्नित कर संबंधित पक्षकारों को नोटिस उपलब्ध कराया जाए. साथ ही, मामलों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाए. उन्होंने कहा कि लोक अदालत त्वरित, सुलभ एवं कम खर्चीले तरीके से विवादों के समाधान का प्रभावी माध्यम है.
आपसी सहमति से मामलों के निपटारे पर जोर
उन्होंने बैंक अधिकारियों से लंबित मामलों की अद्यतन सूची तैयार करने, संबंधित पक्षकारों से संपर्क स्थापित करने तथा आपसी सहमति के आधार पर मामलों के निपटारे के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया.
प्रचार-प्रसार में सहयोग का किया अनुरोध
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका के सचिव विवेक कुमार ने बैंक अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करने तथा अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया.
बैंक अधिकारियों ने हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे. सभी बैंक अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया.
