कांवरिया वाहनों से पार्किंग के नाम पर वसूली: शिकायत पर एक्शन में प्रशासन, जांच शुरू

महेषबाथान हटिया में कांवरिया वाहनों से अवैध वसूली की शिकायत पर प्रशासन ने की जांच. दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई. देखें पूरी रिपोर्ट.

प्रतिनिधि, रानीश्वर. महेषबाथान हटिया परिसर में कांवरिया वाहनों से पार्किंग के नाम पर कथित अवैध वसूली की शिकायत के बाद मंगलवार को प्रशासन हरकत में आया. बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा और थाना प्रभारी त्रिपुरारी कुमार पुलिस बल के साथ हटिया परिसर पहुंचे और मामले की छानबीन की.

मुखिया और ग्रामीणों से भी ली जानकारी

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद मुखिया खुदीराम मोहली और ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली. बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि पूरे मामले की तहकीकात कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने पंचायत सचिव, मुखिया और संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है. बीडीओ ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही संबंधित ट्रस्ट के बारे में भी जांच की जाएगी.

कांवरिया वाहनों के ठहरने का प्रमुख पड़ाव है हटिया परिसर

देवघर और बासुकिनाथ में जलाभिषेक करने के बाद दुमका, मसानजोर होते हुए तारापीठ और कोलकाता जाने वाले कांवरिया वाहन महेषबाथान हटिया परिसर के खाली मैदान में रुकते हैं. यहां कांवरिये भोजन बनाने के साथ कुछ समय विश्राम भी करते हैं.

इसी दौरान कांवरिया वाहनों से पार्किंग के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली किये जाने की शिकायत सामने आयी थी. शिकायत के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली और संबंधित लोगों से पूछताछ की. अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वसूली के आरोप कितने सही हैं और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >