नोनीहाट . नोनीहाट-बासुकीनाथ मुख्य पथ पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट स्थित धोबे नदी पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक कांवरिया बम गंभीर रूप से घायल हो गया . हादसे में कांवरिया का पैर टूट गया . घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा .
पीछे से आ रहे वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, कांवरिया बम नोनीहाट की ओर से बासुकीनाथ धाम में जल चढ़ाने जा रहा था . इसी दौरान धोबे नदी पुल के पास पीछे से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी . टक्कर लगते ही कांवरिया सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया .
घायल कांवरिया बम की पहचान नोनीगांव निवासी पवन मांझी, पिता हनुमान मांझी के रूप में बताई जा रही है . हादसे में उसका पैर टूट गया . घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी .
एंबुलेंस से दुमका भेजा गया
ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल कांवरिया को इलाज के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा . अस्पताल में घायल का उपचार कराया जा रहा है .
टक्कर के बाद वाहन चालक फरार
घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया . हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गयी . ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है .
