फुटबॉल टूर्नामेंट का विजेता बना झारखंड राइडर, फाइनल में गुलाब नगर दुमका को हराया

टूर्नामेंट का आयोजन कादम डांडी युवा क्लब गम्हरा–डुमरिया की ओर से किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने भाग लिया.

मसलिया. प्रखंड क्षेत्र के कुंजबोना पंचायत अंतर्गत गम्हरा–डुमरिया मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ. टूर्नामेंट का आयोजन कादम डांडी युवा क्लब गम्हरा–डुमरिया की ओर से किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने भाग लिया. फाइनल मुकाबले के अवसर पर दुमका विधायक बसंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने किक मारकर फाइनल मैच का विधिवत शुभारंभ किया. इस मौके पर खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि गांव-देहात के खिलाड़ियों में भी अपार प्रतिभा छिपी है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मार्गदर्शन और मंच देने की है. उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार खिलाड़ियों के लिए लगातार नए प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है, ताकि वे आगे बढ़कर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें. उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया. फाइनल मुकाबला झारखंड राइडर और गुलाब नगर दुमका के बीच खेला गया. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिससे मैच काफी रोमांचक बन गया. निर्धारित समय के खेल में झारखंड राइडर की टीम ने बेहतरीन तालमेल और दमदार खेल का परिचय देते हुए एक गोल से बढ़त बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और टूर्नामेंट की विजेता बनी. मैच के समापन के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम झारखंड राइडर को झामुमो प्रखंड अध्यक्ष बासुदेव टुडू के द्वारा एक लाख पचास हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. वहीं उपविजेता टीम गुलाब नगर दुमका को पंचायत की मुखिया रनिता सोरेन के द्वारा एक लाख रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई. इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष शिव कुमार बास्की, जिला सचिव निशित बरन गोलदार, जिला प्रवक्ता अब्दुल सलाम, प्रखंड अध्यक्ष बासुदेव टुडू, प्रखंड सचिव असित वरण गोलदार, सदानंद आजाद, रूबीलाल सोरेन, सरवन मरांडी, छोटू मरांडी, मुनू मुर्मू, बाला मरांडी, कृष्णा मिर्धा, अशोक, अनिल, रमेश सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >