नवोदय विद्यालय में प्रवेश का मौका, कक्षा 9वीं और 11वीं की रिक्त सीटों के लिए आवेदन शुरू

जवाहर नवोदय विद्यालय हंसडीहा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा नौवीं और 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है, इसलिए अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है.

प्रतिनिधि, हंसडीहा : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय हंसडीहा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा नौवीं एवं 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. जवाहर नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है.

समय रहते आवेदन की अपील

विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कमल नयन पांडेय ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है. उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवोदय विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेलकूद, विज्ञान, कंप्यूटर, कला-संस्कृति, पुस्तकालय एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का अवसर मिलता है.

रिक्त सीटों पर होगा प्रवेश

कक्षा नौवीं एवं 11वीं में प्रवेश के लिए निर्धारित पात्रता एवं आयु संबंधी शर्तें पूरी करने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं. दोनों कक्षाओं में प्रवेश उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर होगा. चयन प्रक्रिया जवाहर नवोदय विद्यालय समिति द्वारा निर्धारित नियमों एवं पार्श्व प्रवेश जांच परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाएगी.

आवेदन में सावधानी जरूरी

प्राचार्य ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के दौरान विद्यार्थी और अभिभावक नाम, जन्मतिथि, माता-पिता या अभिभावक का नाम, वर्तमान विद्यालय, शैक्षणिक विवरण एवं अन्य जरूरी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें. गलत अथवा भ्रामक जानकारी पाए जाने पर किसी भी चरण में अभ्यर्थिता रद्द की जा सकती है.

अंतिम समय का इंतजार न करें

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन पूरा करें. अंतिम समय में इंटरनेट कनेक्टिविटी या वेबसाइट पर अधिक भार के कारण तकनीकी परेशानी हो सकती है. साथ ही किसी एजेंट या बिचौलिए के झांसे में न आएं और प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए केवल जवाहर नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें.

वेबसाइट पर मिलेगी विस्तृत जानकारी

प्रवेश की पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, आवेदन प्रक्रिया, चयन परीक्षा एवं अन्य विस्तृत जानकारी के लिए विद्यार्थी एवं अभिभावक जवाहर नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट navodaya.gov.in पर जारी नवीनतम सूचना का अवलोकन कर सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनिल कुमार चौधरी

वर्ष 2004 अप्रैल से दैनिक अखबार हिंदुस्तान से पत्रकारिता शुरू की. इसके बाद वर्ष 2013 के अक्टूबर माह से दैनिक अखबार प्रभात खबर में पत्रकारिता को लेकर योगदान किया. अपने थाना क्षेत्र से घटना, दुर्घटना, जन समस्याओं, प्रशासनिक कार्यक्रमों के अलावा अन्य विषयों से जुड़ी खबरों को प्रमुखता ईमानदारी से रखा. जिससे आम लोगों को लाभ मिल सके.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >