गोपीकांदर: गोपीकांदर प्रखंड की सुरजूडीह पंचायत के बड़ापाथर गांव में शनिवार को जल महोत्सव के तहत जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया. पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, दुमका-01 की ओर से आयोजित कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता कार्यपालक अभियंता रामेश्वर गुप्ता एवं पंचायत के मुखिया ज्योतिष बास्की ने की. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय पदाधिकारियों, स्वयं सहायता समूह की दीदियों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यपालक अभियंता रामेश्वर गुप्ता ने जल अर्पण दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने भूजल रिचार्ज, जल संरक्षण, जल प्रबंधन, जलकर शुल्क तथा जल गुणवत्ता की नियमित जांच के संबंध में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने ग्रामीणों से जल स्रोतों के संरक्षण के साथ पानी के सदुपयोग पर विशेष ध्यान देने की अपील की.
मुखिया ज्योतिष बास्की ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव, वर्षा जल संचयन तथा जलकर शुल्क के संबंध में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय से ही पेयजल योजनाओं का सुचारू संचालन और रखरखाव संभव है.
इस अवसर पर जिला समन्वयक आइइसी सनाउल अंसारी के नेतृत्व में प्रभात फेरी, जल यात्रा, जल शपथ, जल श्रृंगार एवं जल बंधन कार्यक्रम आयोजित किये गये. साथ ही चारों योजनाओं का हस्तांतरण ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पेयजल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक, कनीय अभियंता, प्रखंड वास समन्वयक, जलसहिया, पंचायत सचिव, मुखिया, जेएसएलपीएस से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की दीदियों एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मंच का संचालन जिला समन्वयक आइइसी सनाउल अंसारी ने किया.
