Railway Dumka News: हंसडीहा स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर लगेगा शेड, खुलेंगी 10 दुकानें

हंसडीहा रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर शेड लगेगा और पार्किंग के पास 10 दुकानें खुलेंगी। डीआरएम के निरीक्षण में यात्रियों की सुविधा के लिए कई बड़े फैसले लिए गए।

हंसडीहा: मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता और सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह ने शनिवार को हंसडीहा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुविधाओं, स्टेशन की व्यवस्थाओं और स्थानीय लोगों की जरूरतों का जायजा लिया गया. यात्रियों के लिए फुट ओवरब्रिज पर शेड और प्लेटफार्म पर अतिरिक्त छांव की व्यवस्था करने की बात कही गयी.

जल्द ही कोच डिस्प्ले लगाने की भी जानकारी दी गयी. वहीं पार्किंग क्षेत्र के समीप करीब दस दुकानों की योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें और रेलवे को राजस्व भी प्राप्त हो.

सैलून से विंडो निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने सैलून से विंडो निरीक्षण करते हुए रेलखंड की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. वहीं सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह ने स्टेशन पर पार्किंग, वेटिंग रूम, उपस्थिति पंजी समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.

फुट ओवरब्रिज पर यात्रियों के लिए बनेगा शेड

निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम ने यात्रियों की सुविधा को लेकर कई अहम बातें कहीं. उन्होंने फुट ओवरब्रिज पर यात्रियों के लिए शेड और प्लेटफार्म पर अतिरिक्त छांव की व्यवस्था करने की बात कही. गर्मी और बारिश के दौरान यात्रियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है.

जल्द लगेगा कोच डिस्प्ले, यात्रियों को मिलेगी ट्रेन की जानकारी

सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह ने स्टेशन पर जल्द ही कोच डिस्प्ले लगाने की बात कही. इससे यात्रियों को ट्रेन के कोच से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी और उन्हें प्लेटफार्म पर अपने कोच की स्थिति जानने में सुविधा होगी.

पार्किंग के पास खुलेंगी करीब दस दुकानें, स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

स्थानीय लोगों की मांगों को भी सीनियर डीसीएम ने संज्ञान में लिया. उन्होंने सीटीआई भागलपुर सुधांशु आर्या को पार्किंग क्षेत्र के समीप करीब दस दुकानों के लिए योजना तैयार करने का निर्देश दिया. प्रस्तावित दुकानों में भोजनालय, नाश्ता, चाय, सैलून और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की बिक्री की व्यवस्था किए जाने की बात कही गयी.

स्टेशन परिसर के समीप प्रस्तावित दुकानों से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है. साथ ही दुकानों से रेलवे को राजस्व भी प्राप्त होगा. सीनियर डीसीएम की इस पहल से स्थानीय लोगों में खुशी देखी गयी. लोगों को उम्मीद है कि दुकानों की व्यवस्था होने से स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में यात्रियों को भी रोजमर्रा की जरूरत का सामान आसानी से उपलब्ध हो सकेगा.

ये रेलकर्मी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान भागलपुर ब्रांच लाइन के ट्रैफिक इंस्पेक्टर पवन कुमार झा, एसएस परमानंद प्रसाद, एसएम मिथिलेश कुमार, पोर्टर सिकंदर मंडल, शुभम कुमार सहित अन्य रेलकर्मी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनिल कुमार चौधरी

वर्ष 2004 अप्रैल से दैनिक अखबार हिंदुस्तान से पत्रकारिता शुरू की. इसके बाद वर्ष 2013 के अक्टूबर माह से दैनिक अखबार प्रभात खबर में पत्रकारिता को लेकर योगदान किया. अपने थाना क्षेत्र से घटना, दुर्घटना, जन समस्याओं, प्रशासनिक कार्यक्रमों के अलावा अन्य विषयों से जुड़ी खबरों को प्रमुखता ईमानदारी से रखा. जिससे आम लोगों को लाभ मिल सके.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >