हंसडीहा: हंसडीहा एवं नोनीहाट रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रेलवे की ओर से सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे करीब 50 यात्रियों को पकड़ा गया. रेलवे अधिकारियों ने सभी से नियमानुसार जुर्माना वसूला.
डीआरएम के निर्देश पर गठित की गई थी टीम
सीएमआई भागलपुर फुलकुमार शर्मा ने बताया कि मालदा मंडल के डीआरएम एवं सीनियर डीसीएम के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर अभियान चलाया गया. टीम में टिकट निरीक्षकों के साथ रेलवे सुरक्षा बल के जवान भी शामिल रहे.
ट्रेनों से लेकर प्लेटफॉर्म तक हुई जांच
हंसडीहा और नोनीहाट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के अंदर और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के टिकट की जांच की गयी. इस दौरान बेटिकट यात्रा करते पकड़े गए करीब 50 यात्रियों से रेलवे के नियमों के अनुसार जुर्माना वसूला गया. जुर्माने की राशि जमा करने के बाद यात्रियों को आगे की यात्रा करने की अनुमति दी गयी.
बेटिकट यात्रियों में मचा हड़कंप
रेलवे की अचानक हुयी कार्रवायी से बेटिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मचा रहा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवायी जारी रहेगी. बेटिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह के सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाये जायेगे.
