दुमका: महर्षि मेंही आश्रम पुसारो में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया. दुमका समेत आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और सद्गुरु के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत भजन-कीर्तन से हुई. इसके बाद स्तुति-प्रार्थना, वैदिक मंत्रोच्चार, पुष्पांजलि, सत्संग और ग्रंथ पाठ का आयोजन किया गया. संतों ने गुरु-शिष्य परंपरा, संतमत के सिद्धांतों और महर्षि मेंही परमहंस महाराज के आध्यात्मिक संदेशों पर प्रकाश डाला.
स्वामी सुफल महाराज ने गुरु को जीवन के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाने वाला बताया. स्वामी विश्वानंद महाराज और स्वामी अरण्यानंद भिक्षु महाराज ने सत्संग, नाम-स्मरण, सदाचार और गुरु के उपदेशों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया. भजन प्रस्तुतियों के बीच ध्यान-साधना पर विशेष बल दिया गया. अंत में सामूहिक भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.
