ग्राम प्रधानों की महापंचायत में उठे सवाल, नियुक्ति-अतिक्रमण से लेकर बकाया राशि तक उठी आवाज

ग्राम प्रधानों ने अपनी नियुक्ति प्रक्रिया में देरी, सरकारी भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण और बकाया राशि के भुगतान न होने जैसे मुद्दों पर अपनी चिंता व्यक्त की. उन्होंने वंशावली सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और व्यवस्था में सुधार की मांग की.

बासुकिनाथ : ग्राम प्रधान मूल रैयत लेखा होड़ का स्थापना दिवस बजरंगबली यात्री शेड, जरमुंडी में समारोहपूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता गौरीशंकर पांडे ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष लालमोहन राय मौजूद रहे. कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों ग्राम प्रधानों ने भाग लिया. वक्ताओं ने ग्राम प्रधानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.

नियुक्ति प्रक्रिया लंबित रहने पर जताया असंतोष

वक्ताओं ने कहा कि ग्राम प्रधानों की नियुक्ति की प्रक्रिया लंबे समय से विचाराधीन पड़ी है, जबकि अंचल कार्यालय से संबंधित रिपोर्ट भी काफी पहले प्राप्त हो चुकी है. इसके बावजूद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से ग्राम प्रधानों में असंतोष है. बैठक में सरकारी भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया गया. वक्ताओं ने कहा कि ग्राम प्रधानों द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की लिखित सूचना संबंधित अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद कई मामलों में कार्रवाई नहीं होती है.

बकाया सम्मानित राशि के भुगतान की उठी मांग

ग्राम प्रधानों के बकाया सम्मानित राशि के भुगतान की मांग भी उठाई गई. वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से राशि का भुगतान लंबित रहने से ग्राम प्रधानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बैठक में वंशावली सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया गया. वक्ताओं ने कहा कि ग्राम प्रधान के रहते वार्ड सदस्य और मुखिया से वंशावली सत्यापित कराकर अंचल कार्यालय में कार्य कराया जा रहा है, जो संथाल परगना काश्तकारी अधिनियम की भावना के विपरीत है. उन्होंने व्यवस्था में सुधार की मांग की.

समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होने का आह्वान

मुख्य अतिथि लालमोहन राय ने ग्राम प्रधानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए उनके समाधान के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया. कार्यक्रम को रोमन राय, बटेश्वर किस्कू, कृष्ण कमल मंडल, नीलम देवी और जयंती देवी ने भी संबोधित किया. मौके पर पुराण राय, बुधवार मंडल, हेमंत रावत, भक्ति देवी, ललिता देवी, कुंती देवी, ग्रंथि देवी, सकरी देवी, बिहारी लाल दर्वे, बिरजू मंडल, मणिकांत मंडल, अर्जुन रावत, बिंदेश्वरी दर्वे, छवि माही सहित सैकड़ों ग्राम प्रधान उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आदित्यनाथ पत्रलेख

आदित्यनाथ पत्रलेख वर्ष 2011 से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया, दोनों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखीं और राजनीतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर सटीक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की। जनहित से जुड़े विषयों पर फोकस्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों को सत्य एवं तटस्थता के साथ प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >