शिकारीपाड़ा के राजबांध हरिजन टोला की घटना प्रतिनिधि,शिकारीपाड़ा शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के राजबांध के हरिजन टोला में रविवार देर शाम घर में आग लगने से करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गयी. गृहस्वामी चंडी बाउरी के अनुसार रविवार शाम को साइकिल का खेल देखने के लिए परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर गये थे. इसी दौरान शोर सुनकर और आग की लपटें देखकर वे दौड़ते हुए घर पहुंचे. उन्होंने देखा कि घर में आग लगी हुई है. ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया. इसी बीच किसी ने जागरुकता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी. फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. हालांकि तब तक घर में रखे अनाज, कपड़ा, बर्तन, नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी.
साइकिल खेल देखने गये परिवार के घर में लगी आग, डेढ़ लाख की क्षति
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर पाया गया काबू
