मसलिया : मसलिया थाना क्षेत्र के रानीघाघर गांव में शनिवार दोपहर कपड़ा सुखाने के दौरान करंट लगने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गयी, जबकि उनकी पुत्रवधू गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गयी. मृतका की पहचान रानीघाघर निवासी मीना देवी (65) के रूप में हुई है. वहीं, उनकी पुत्रवधू सावित्री देवी करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गयीं. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी.
गीली साड़ी बिजली के तार के संपर्क में आयी
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर मीना देवी स्नान करने के बाद गीली साड़ी सुखाने के लिए घर से बाहर निकली थीं. बताया जाता है कि पोल से घर तक पहुंची बिजली के मुख्य तार के कुछ हिस्से में नंगा था. गीली साड़ी को सुखाने के दौरान वह बिजली के तार के संपर्क में आ गयी. इससे साड़ी के माध्यम से करंट प्रवाहित हो गया और मीना देवी करंट की चपेट में आ गयीं.
सास को बचाने पहुंची पुत्रवधू भी झुलसी
सास को करंट लगते देख उनकी पुत्रवधू सावित्री देवी भी मौके पर पहुंची. इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गयीं और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं. घटना में मीना देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
सीएचसी में चल रहा इलाज
परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में सावित्री देवी को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मसलिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
