दुमका: बाबा भोलेनाथ की नगरी देवघर और बासुकिनाथ में पूजा अर्चना करने के बाद राज्य की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा शुक्रवार को उपराजधानी दुमका पहुंची हैं. वे यहां समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय में संताल परगना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था तथा आगामी श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर रही हैं.
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अभियान एनके सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी अजय लिंडा, पुलिस महानिरीक्षक संताल परगना मयूर पटेल कन्हैयालाल, पुलिस उपमहानिरीक्षक अम्बर लकड़ा के अलावा संताल परगना प्रमंडल के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित हैं.
माना जा रहा है कि इस अहम बैठक में क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंटों के तामीला, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी एवं संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई पर जहां चर्चा होगी, वहीं आगामी श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बासुकिनाथ धाम सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी की गई तैयारी की वे बिंदुवार समीक्षा करेंगी.
