प्रतिनिधि, नोनीहाट : 41 फीट लंबे आकर्षक कांवर के नोनीहाट पहुंचने पर शनिवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. विशाल कांवर को देखने के लिए सड़क के किनारे बड़ी संख्या में लोग जुट गए. कांवर यात्रा में शामिल श्रद्धालु बाजे-गाजे के साथ बाबा भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे.
8 सितंबर को शुरू हुई यात्रा
मिली जानकारी के अनुसार, कांवर यात्रा 8 सितंबर को भागलपुर स्थित बरारी सीढ़ी घाट से शुरू हुई थी. यात्रा में शामिल श्रद्धालु राजौन, पुनसिया, ढाका मोड़, बौंसी, श्याम बाजार, हंसडीहा होते हुए नोनीहाट पहुंचे. इसके बाद सभी श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ धाम में जल अर्पित करने के लिए आगे रवाना हुए.
50 श्रद्धालुओं का जत्था
कांवर यात्रा में लगभग 50 श्रद्धालुओं का जत्था शामिल था. टीम के सदस्य रितेश जायसवाल ने बताया कि सभी श्रद्धालु धार्मिक उत्साह के साथ यात्रा कर रहे हैं. 41 फीट लंबे कांवर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिसे देखने के लिए रास्ते में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ रही है. यह बिहार के घोघा गांव का बताया जा रहा है.
स्थानीय श्रद्धालुओं ने किया स्वागत
नोनीहाट पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं ने कांवर यात्रा का स्वागत किया और बाबा भोलेनाथ के जयकारे लगाए. विशाल कांवर के कारण कुछ देर के लिए नोनीहाट मुख्य सड़क पर लोगों की आवाजाही भी बढ़ गई. इसके बाद कांवर यात्रा अपने गंतव्य बाबा बासुकीनाथ धाम की ओर रवाना हो गई.
