दुमका में 293 नवनियुक्त चौकीदारों को मिला नियुक्ति पत्र

विधायक बसंत सोरेन और डॉ लोईस मरांडी ने नियुक्ति पत्र वितरित किया. आज से सभी नवनियुक्त चौकीदार सरकार के महत्वपूर्ण अंग के रूप में कार्य करेंगे.

दुमका. उपराजधानी दुमका में गणतंत्र दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में नवनियुक्त चौकीदारों के नियुक्ति पत्र वितरण किया गया. बतौर अतिथि पहुंचे विधायक बसंत सोरेन और डॉ लोईस मरांडी तथा जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. विधायक बसंत सोरेन ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति उनकी कड़ी मेहनत और योग्यता का परिणाम है. आज से सभी नवनियुक्त चौकीदार सरकार के महत्वपूर्ण अंग के रूप में कार्य करेंगे. सरकार को आपसे निष्पक्षता, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करने की अपेक्षा है. नियुक्ति पत्र प्राप्त करते समय कई अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी. विधायक डॉ लोईस मरांडी ने बताया कि समारोह में कुल 293 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गये हैं. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में चौकीदारों की भूमिका को और अधिक सशक्त किया गया है तथा उन्हें ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में भी महत्वपूर्ण सहयोगी बनाया गया है. उन्होंने नवनियुक्त चौकीदारों से अपने वरिष्ठ अधिकारियों से सीख लेकर ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया. मौके पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में चौकीदारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी. उपायुक्त ने जानकारी दी कि दुमका जिले में खुले विज्ञापन के माध्यम से अप्रैल 2025 में कुल 328 पदों पर चौकीदार नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे. अक्तूबर 2025 में लिखित परीक्षा तथा नवंबर 2025 में शारीरिक दक्षता एवं दौड़ परीक्षा आयोजित की गयी. इसके बाद दस्तावेज़ सत्यापन एवं चिकित्सा परीक्षण के उपरांत मेधा सूची तैयार की गयी. मेधा सूची के अनुसार आज 293 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें 187 पुरुष एवं 106 महिलाएं शामिल हैं. वर्गवार चयन में सामान्य वर्ग से 80, अनुसूचित जनजाति से 193 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से 20 अभ्यर्थियों का चयन किया गया. दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित 13 पद इस प्रक्रिया में रिक्त रह गए हैं, जिन्हें आगामी नियुक्ति में कैरी फॉरवर्ड किया जाएगा. बताया कि नियुक्ति प्रक्रिया में लगभग 6000 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीक-संपन्न तरीके से संपन्न किया गया. उपायुक्त ने महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी नवनियुक्त चौकीदारों से ईमानदारी, सकारात्मक सोच और सेवा भावना के साथ कार्य करने की अपील की. जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने भी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा के साथ दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार, उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, सहायक समाहर्ता नाजिश उमर अंसारी, अपर समाहर्ता राजीव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी, चयनित अभ्यर्थी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे. पद्मभूषण पर खुशी, ‘भारत रत्न’ की भी उठी मांग : दुमका. झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु स्व शिबू सोरेन को पद्मभूषण सम्मान दिए जाने पर उनके पुत्र व दुमका विधायक बसंत सोरेन ने खुशी जताते हुए केंद्र सरकार का आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन के लंबे संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान में दिए गए योगदान को देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से भी सम्मानित किया जाना चाहिए. विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन को यह सम्मान बहुत पहले मिल जाना चाहिए था. उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन आदिवासी अस्मिता, जल-जंगल-जमीन और सामाजिक न्याय के संघर्ष को समर्पित कर दिया. उनका संघर्ष केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों की आवाज रहा है. मीडिया के सवालों के जवाब में श्री सोरेन ने नियुक्ति पत्र वितरण को राज्य सरकार की रोजगारपरक नीति का उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >