स्पीडी ट्रायल से दोषियों को सजा दिलाने की उठी मांग
दुमका : दुमका के कड़हलबिल में 12 साल की आदिवासी बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी तथा उनके खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाने की मांग महिलाओं ने की है. दुमका की महिला बुद्धिजीवियों का कहना है कि आरोपितों को नये कानून के तहत मृत्युदंड की सजा दिलाने का काम पुलिस प्रशासन को करना चाहिए. ताकि ऐसी घटना की पुनरावृति न हो. महिलाओं ने पीड़िता की बेहतर इलाज कराने, उसके पुनर्वास व आगे की पढ़ाई की मुकम्मल व्यवस्था करने तथा उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है.
ऐसी घटना रोंगटे खड़े कर देनेवाली है. मामले में पुलिस-प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म करनेवालों को दबोचना चाहिए. उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलानी चाहिए. ताकि इसकी पुनरावृत्ति न हो.
जॉयस बेसरा, अध्यक्ष, जिला परिषद.
नये कानूनी प्रावधान के तहत आरोपितों को पकड़ कर सजा दिलायी जानी चाहिए. पीड़िता के बेहतर इलाज के साथ उसकी काउंसलिंग करायी जानी चाहिए, ताकि इस सदमें से वह बाहर निकल सके.
प्रो अंजुला मुर्मू, शिक्षिका
घटना बेहद ही शर्मनाक है. कठोर सजा मिलनी चाहिए. हैवानियत की तरह दिन-प्रतिदिन ऐसी घटनाएं हो रही है. यह दुखद है. इसे लेकर चिंतन करने व सामाजिक जागरुकता लाने की भी जरुरत है.
निर्मला पुतुल, मुखिया
