नकल निकालने में लग जाते दो से तीन माह

सेवानिवृत्त हो गये कैथीलिपि पढ़नेवाले कर्मी नयी बहाली व प्रतिनियोजन नहीं कर रहा विभाग दुमका कोर्ट : दुमका जिला अभिलेखागार यानी नकलखाना में कर्मचारियों की कमी से कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रही है. एक तो पहले से ही कर्मचारियों की कमी कार्यालय में चल रही थी, वहीं लगातार अब कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं. […]

सेवानिवृत्त हो गये कैथीलिपि पढ़नेवाले कर्मी

नयी बहाली व प्रतिनियोजन नहीं कर रहा विभाग
दुमका कोर्ट : दुमका जिला अभिलेखागार यानी नकलखाना में कर्मचारियों की कमी से कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रही है. एक तो पहले से ही कर्मचारियों की कमी कार्यालय में चल रही थी, वहीं लगातार अब कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं. उससे भी पद रिक्त होते जा रहे हैं. कुछ दिन पूर्व कर्मी शहनवाज हुसैन सेवानिवृत्त हुए. पर उनकी जगह कोई नया स्टाफ नहीं आया. अब राजेंद्र प्रसाद साह भी सेवानिवृत्त हो गये. जो कैथीलिपि से संबंधित कार्य को देखते थे. उनके सेवानिवृत्त होने से कैथीलिपि पढ़नेवाले नहीं रहने से कामकाज पर बुरा असर दिखने लगा है. रिक्त पदों की जगह नये कर्मी की बहाली नहीं होने या किसी भी दूसरे विभाग से स्थानांतरित या प्रतिनियोजन नहीं किये जाने से समस्या विकराल होती जा रही है. दरअसल, यह ऐसा कार्यालय है,
जहां संतालपरगना में पूर्व में हुए वुड, मैकफर्सन सर्वे से संबंधित सारे रिकॉर्ड है. वहीं दुमका जिला में हुए गेन्जर सर्वे का भी यहां रिकाॅर्ड है. ऐसे में पूरे संतालपरगना से रैयत जमीन से संबंधित पुराने रिकाॅर्ड के लिए यहां पहुंचते रहते हैं. एक नकल निकलने में कम से कम दो से तीन महीने का समय लगता है. वह भी तब जब आवेदक इसमें लगा रहता है. नियमित रूप से पहुंच कर उसकी पड़ताल करता रहता है. मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान व्यवस्था में नकल के लिए कोई समयावधि निश्चित नहीं की गयी है. ऐसे में अक्सर वहां मौजूद कर्मचारी को कोपभाजन का भी शिकार बनना पड़ता है. प्रभारी पदाधिकारी सह कार्यपालक दंडाधिकारी संतोष कुमार चौधरी ने बताया कि उपायुक्त से इस संदर्भ में बात हुई है. उम्मीद है कि जल्द ही कुछ नये कर्मियों को रेकॉर्ड रूम में स्थानांतरित कर दिया जायेगा, जिससे नकल में अनावश्यक विलंब नहीं होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >