बेलझाड़ गांव का रहनेवाला था 25 वर्षीय प्रशांत सोरेन
गांव में नहीं मिल रही थी मजदूरी, मिजोरम गया था कमाने
मसलिया : प्रखंड के दलाही पंचायत अंतर्गत बेलझाड़ गांव के एक आदिवासी युवक की मिजोरम में मौत हो गयी है. मृतक के पिता लखीन्दर सोरेन व मां पाकुनी मुर्मू ने बताया कि उनका इकलौता पुत्र प्रशांत सोरेन (25 वर्षीय) साल भर पहले ही काम की तलाश में मिजोरम गया था. उसके चाचा वीरेंद्र सोरेन भी मिजोरम काम करने गये हुए थे. मिजोरम में काम करने के दौरान प्रशांत सोरेन की तबीयत बिगड़ गयी, इसके बाद उसे इलाज कराने के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के क्रम में प्रशांत की मौत शुक्रवार की शाम हो गयी. प्रशांत सोरेन की मौत पर परिवार सहित गांव में शोक छाया हुआ है.
गांव के मटका सोरेन, राखाल सोरेन, राहुलदेव मरांडी, सुनीलाल मरांडी, बहामुनी सोरेन, मुकली सोरेन, निरोद महतो आदि ने बताया कि गांव में मनरेगा योजना के तहत कार्य नगण्य हुआ है. पूर्व में गांव में मात्र पांच किसानों के नाम पर डोभा निर्माण कार्य हुआ था. वर्तमान में बेलझाड़ गांव में किसी भी स्तर से काम नहीं रहने के कारण यहां के युवकों को काम करने के लिए बाहर जाना पड़ता है.
