स्वच्छता ही सेवा के तहत बंदियों के बीच प्रतियोगिता आयोजित
दुमका : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के दिशा-निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा सोमवार को गांधी जयंती के अवसर पर दुमका सेंट्रल जेल में जेल अदालत सह विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ब्रजेंद्र नाथ पांडेय की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी निशिथ कुमार के न्यायालय में लंबित वाद संख्या जरमुंडी थाना कांड संख्या 49/17 जीआर केस नंबर 617/17 के अभियुक्त सुनील सिंह को दोष स्वीकार करने के उपरांत रिहा कर दिया गया.
इस अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान का समापन भी किया गया. बंदियों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता, निबंध लेखन, शतरंज, कैरम व लूडो के खेल आदि आयोजित किये गये, जिसमें सफल प्रतिभागियों को क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किये गये. पारितोषिक का वितरण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ब्रजेंद्र नाथ पांडेय ने किया.
मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव निशांत कुमार, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी निशिथ कुमार, कारा अधीक्षक भागीरथ कार्जी, प्रभारी कारापाल सुबोध कुमार पांडेय, अधिवक्ता राकेश कुमार एवं किरण तिवारी आदि द्वारा बंदियों को कानूनी जानकारी दी गयी तथा प्राधिकारी द्वारा प्रदत्त सेवाओं-सुविधाओं से अवगत कराया गया.
