दुमका : पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहेबगंज में आयोजित कार्यक्रम में सीएम रघुवर दास के काम की तारीफ की थी, कई नयी योजनाओं को लागू करने और केंद्र सरकार की योजनाओं के बेहतर इंप्लीमेंनेटेशन के लिए रघुवर दास की पीठ थपथपाया था, वहीं शुक्रवार को देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सीएम […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
दुमका : पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहेबगंज में आयोजित कार्यक्रम में सीएम रघुवर दास के काम की तारीफ की थी, कई नयी योजनाओं को लागू करने और केंद्र सरकार की योजनाओं के बेहतर इंप्लीमेंनेटेशन के लिए रघुवर दास की पीठ थपथपाया था, वहीं शुक्रवार को देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सीएम की तारीफ की.
यशस्वी व करिश्माई सीएम बता,उनकी पीछ थपथपायी. आत्मविश्वास से लबरेज सीएम रघुवर की इस तारीफ से एक ओर जहां उन अटकलों पर विराम लग गया है, जिसमें कहा जा रहा था झारखंड में नेतृत्व परिवर्तन होने वाला है. गुरुवार को दिल्ली में सीएम प्रधानमंत्री से मिले. वहां झारखंड के संदर्भ में बातचीत की. उसके बाद गृह मंत्री का वृहत कार्यक्रम, वह भी संताल परगना की धरती पर, वास्तव में इस कार्यक्रम से एक साथ कई संदेश गया है.
रघुवर ने विरोधियों को सुनायी खरी-खरी : अपने भाषण में रघुवर दास ने विरोधियों को खरी-खरी सुनायी. गृहमंत्री ने जहां नक्सलवाद के खात्मे की बात की. देश और झारखंड के विकास की बातें कही, वहीं सीएम ने विकास के साथ-साथ संताल परगना के विकास में बाधक बने विरोधियों और बिचौलियों पर करारा प्रहार किया.
उन्होंने कहा कि आज तक संताल परगना के भोले भाले गरीब, आदिवासी पिछड़े, शोषित वर्ग के लोगों का मतपेटी के लिए उपयोग किया गया. उनके विकास की नहीं सोची गयी, सिर्फ अपनी जेब भरने में लगे रहे. लेकिन अब सरकार गरीबों तक पहुंच रही है. सरकार, प्रशासन और जनता के बीच कोई बिचौलिया नहीं रहेगा.
संताल के विकास को किया फोकस: रघुवर दास ने कहा कि 11 से 22 सितंबर तक आयोजित गरीब कल्याण मेला के जरिए 800 करोड़ रुपए की योजनाओं के लाभ से राज्य के लोगों को लाभांवित किया गया है. कुल 1 लाख 50 हजार लोग लाभान्वित हुए.
आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए 8, 820 करोड़ रुपए से निर्मित होनेवाली आधारभूत संरचनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण हुआ. प्रधानमंत्री का सोच है गरीब, किसान, शोषित, दलित-पिछड़ों की जिंदगी में खुशहाली लाने की.
इसी सोच को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है.
श्री दास ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी बोर्ड के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य के 32 हजार गांवों में दिसंबर से प्रारंभ होगी, जिसके तहत 4 लाख 80 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें स्व-रोजगार व रोजगार से जोड़ा जायेगा. केंद्र और राज्य सरकार गरीब कल्याण वर्ष मना रही है.
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक राज्य के 8 लाख गरीब परिवारों के बीच गैस सिलेंडर और चूल्हा का वितरण हुआ है. 2018 मार्च तक 18 लाख परिवारों को इस योजना से आच्छादित करने का लक्ष्य तय किया गया है. महिलाओं को स्वालंबन की ओर अग्रसर करने के लिए 90% अनुदान पर दो-दो गाय उपलब्ध कराया जा रहा है.