बांसजोड़़ा कोलियरी में संचालित बीएलए आउटसोर्सिंग कंपनी के मजदूरों ने शुक्रवार को कंपनी चालू कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द काम शुरू कराने की मांग की.
दो माह से बंद है कंपनी का काम
मजदूरों ने बताया कि करीब दो माह से कंपनी का काम बंद पड़ा है. काम बंद होने के कारण मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है. लगातार काम नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है. मजदूरों का कहना है कि कंपनी में काम शुरू होने से ही उनकी आजीविका चल सकती है.
सात दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के अंदर काम शुरू नहीं किया गया, तो बीसीसीएल का सारा काम ठप कर दिया जाएगा. मजदूरों ने कहा कि प्रबंधन उनकी समस्या को गंभीरता से ले और जल्द कंपनी में काम शुरू कराये.
बड़ी संख्या में मजदूर रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान गौतम रजक, चंद्रीका तुरी, मो. मुस्ताक, मो. आलम, अनिल यादव, विकास, सोनू खान, फरीद अंसारी, सोनू महतो, विनोद विश्वकर्मा, पपिंदर सिंह, शमसाद अंसारी, धर्मेंद्र रजक, सुनील सिन्हा, बाल्मीकि यादव, गणेश कुमार, अली अहमद समेत अन्य मजदूर मौजूद थे.
