निर्वाचन विभाग की ओर से आगामी 25 अगस्त से चार सितंबर तक जिले के सभी बूथ क्षेत्रों में घर-घर मतदाता सूची का सत्यापन अभियान चलेगा. अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है.
इस दौरान पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, मतदाताओं के स्थानांतरण से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और एक ही परिवार के सदस्यों को एक साथ एक ही बूथ से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जायेगा.
इसके लिए परिवार-एक-साथ स्टिकर अभियान भी चलाया जायेगा. प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अभियान के दौरान आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराने और निर्वाचन कर्मियों को सहयोग करने की अपील की है.
दावा-आपत्ति के बीच चरणबद्ध चलेगा अभियान
एसआइआर के तहत दावा एवं आपत्ति अवधि में निर्वाचन विभाग ने विभिन्न गतिविधियां संचालित करने का कार्यक्रम निर्धारित किया है. पांच अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है और चार सितंबर तक मतदाताओं को दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा.
इसी क्रम में 22 व 23 अगस्त को दूसरा विशेष शिविर लगाया जायेगा. विशेष शिविरों में मतदाता सूची से संबंधित दावे, आपत्तियां और सुधार संबंधी आवेदन लिए जायेंगे.
