धनबाद में होनी थी नशे की बड़ी सप्लाई, 600 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस ने 600 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. यह खेप मुर्शिदाबाद से धनबाद ले जाई जा रही थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है. पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है.

मुर्शिदाबाद से 600 ग्राम ब्राउन शुगर लेकर धनबाद जा रहे चिरकुंडा थाना क्षेत्र के दो युवकों को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के खुफिया विभाग (डीडी) की टीम ने रविवार की रात गिरफ्तार किया. कार्रवाई आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र में जुबली मोड़ से लालगंज जाने वाले रास्ते पर राय गार्डन के पास की गयी. पुलिस ने आरोपियों के पास से 600 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है. जब्त नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख से एक करोड़ रुपये के बीच बतायी जा रही है. हालांकि, इसकी वास्तविक कीमत ब्राउन शुगर की गुणवत्ता पर निर्भर करती है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुमारधुबी निवासी मो. आफताब हुसैन उर्फ दानिश और शाही मोहल्ला निवासी शेख हुसैन उर्फ नेपाली उर्फ मो. हलीम के रूप में हुई है. डीडी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को लग्जरी कार से आते समय रोका और तलाशी ली. तलाशी के दौरान ब्राउन शुगर बरामद होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.

मुर्शिदाबाद से लायी जा रही थी खेप

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे मुर्शिदाबाद से ब्राउन शुगर लेकर आ रहे थे. पुलिस का दावा है कि आरोपी कुल्टी, बराकर और सालानपुर के अलावा धनबाद जिले के विभिन्न इलाकों में नशीले पदार्थ की सप्लाई करते थे. दोनों के लंबे समय से इस कारोबार से जुड़े होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है.

डीडी के अवर निरीक्षक रूपम बनर्जी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आसनसोल नॉर्थ थाना में मामला दर्ज किया गया है.

सात दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर

सोमवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. मामले के जांच अधिकारी डीडी के अवर निरीक्षक देबाशीष पंडित ने अदालत से दोनों की सात दिनों की पुलिस रिमांड मांगी. अदालत ने रिमांड मंजूर कर ली.

पुलिस अब रिमांड के दौरान ब्राउन शुगर के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी. जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मुर्शिदाबाद से नशीली खेप किसके माध्यम से पहुंच रही थी और धनबाद व पश्चिम बर्दवान के किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी.

दानिश पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार, मो. आफताब हुसैन उर्फ दानिश पहले भी ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में जेल जा चुका है. कुछ दिन पहले ही वह धनबाद जेल से जमानत पर बाहर आया था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह इलाके में नशीले पदार्थ के सप्लायर के रूप में सक्रिय था.

बताया जाता है कि पिछले दिनों शिवलीबाड़ी में स्थानीय युवकों ने नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया था. इस दौरान चितरंजन के दो युवकों को पकड़कर कुमारधुबी पुलिस के हवाले किया गया था, जबकि दानिश मौके से फरार हो गया था. बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में उसने हीरबांध को अपना नया ठिकाना बनाया था. ब्राउन शुगर की खेप पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के मीरपुर से लाये जाने की बात भी सामने आयी है.

11 दिनों में 1.1 किलो ब्राउन शुगर जब्त

जप्त किया गया नशीला पदार्थ

पश्चिम बर्दवान जिले में पिछले 11 दिनों के दौरान ब्राउन शुगर की दो बड़ी खेप पकड़ी गयी है. 19 अगस्त को सालानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 500 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की थी. इनमें एक आरोपी चिरकुंडा थाना क्षेत्र और दूसरा हीरापुर थाना क्षेत्र का निवासी था. पुलिस के अनुसार, दोनों मुर्शिदाबाद से ब्राउन शुगर लेकर आये थे.

इसके बाद 30 अगस्त की रात करीब 9.30 बजे चिरकुंडा थाना क्षेत्र के दो आरोपियों को 600 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया. इस तरह 11 दिनों के भीतर पश्चिम बर्दवान जिले में पुलिस ने कुल 1100 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar digital desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >