निरसा थानांतर्गत मंगलवार की देर रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं. खुदिया फाटक के पास जर्जर सड़क के कारण गुजरात से कोलकाता जा रहा कपड़ा लदा ट्रक पलट गया. दूसरी घटना में देबीयाना गेट के पास सड़क पर किए गए निर्माण कार्य के बीच कोयला लदा हाइवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया. दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने एनएचएआइ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये हैं.
खुदिया फाटक के पास सड़क की स्थिति खराब
खुदिया फाटक के पास सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है. करीब 20 फीट हिस्से में सड़क ऊबड़-खाबड़ है और दो से तीन फीट तक गहरे गड्ढे बने हुए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं. कुछ दिन पहले मदनपुर निवासी बाइक सवार युवक की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है. इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं करायी गयी है.
गुजरात से कपड़ा लेकर कोलकाता जा रहा था ट्रक
गुजरात से लाखों रु का नया कपड़ा लेकर एक ट्रक (आरजे 04 जीबी 6317) कोलकाता जा रहा था. चालक के अनुसार खुदिया फाटक के पास सड़क ऊंची-नीची होने के कारण माल एक ओर खिसक गया. ट्रक गड्ढे में फंस गया. देर रात ट्रक को खड़ा कर चालक ने सुबह उसे निकलवाने का निर्णय लिया, लेकिन धीरे-धीरे ट्रक एक ओर झुककर पलट गया.
वॉलिंग और डिवाइडर के कारण सड़क की स्थिति हुई खराब
दूसरी दुर्घटना देबीयाना गेट के पास हुई. एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण के लिए एनएच पर की गयी वॉलिंग और डिवाइडर के कारण सड़क की स्थिति बदल गयी है. धनबाद से कोयला लेकर निरसा की ओर जा रहा हाइवा (जेएच 10 बीइ 4788) बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गया.
हादसे में हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. चालक को हल्की चोट लगी है. ग्रामीणों ने एनएचएआइ से तत्काल सड़क मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.
एनएच के अधिकारी अमन उपाध्याय ने कहा कि हाल के दिनों में बाइक सवार के दुर्घटनाग्रस्त होने पर खुदिया फाटक के पास जर्जर सड़क की मरम्मती करवायी गयी थी. वहां एमपीएल के एप्रोच रोड के कारण स्थिति खराब हो रही है. फिर से मरम्मती करवायी जायेगी. एलिवेटेड फ्लावर को लेकर टेस्टिंग का काम चल रहा है. इसलिए वहां वालिंग जरूरी है.
