धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट
Dhanbad News: धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल की ए-टाइप कॉलोनी में बुधवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय शोभा सिन्हा और 40 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शोभा सिन्हा चार महीने बाद अपनी बेटी के घर से लौटकर पुटकी आई थीं और घर की साफ-सफाई करवा रही थीं. इसी दौरान बाथरूम में करंट फैल जाने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं.
आसपास के लोग मौके पर जुटे
घटना बीसीसीएल की ए-टाइप कॉलोनी की है, जहां घर की मालकिन शोभा सिन्हा और उनके यहां काम करने वाली शांति देवी सफाई का काम कर रही थीं. इसी दौरान दोनों बाथरूम में बिजली के करंट की चपेट में आ गईं. हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पूरे कॉलोनी में मातम का माहौल छा गया.
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत होता है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बाथरूम में करंट कैसे फैला और कहीं बिजली व्यवस्था में कोई तकनीकी लापरवाही तो नहीं थी.
ये भी पढ़ें: खराब सड़कों और लेटलतीफी पर CM हेमंत ने अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी, 2 माह में व्यवस्था सुधारने का निर्देश
ये भी पढ़ें: जेल में घुसा सांप और डकैत को लिया डंस, अस्पताल में हो रहा इलाज
