Dhanbad News : रमजान में पावर कट पर लगे रोक, जल संकट व गंदगी से मिले निजात

प्रभात संवाद के तहत प्रभात खबर के कार्यालय आये शहर के रोजेदार, परेशानियों व जरूरतों पर खुल कर रखी अपनी बात- सेहरी, इफ्तार, तरावीह के समय नहीं हो लोडशेडिंग

प्रभात संवाद के तहत मंगलवार को प्रभात खबर कार्यालय में अल्पसंख्यक समुदाय के प्रबुद्धजनों का जुटान हुआ. इस दौरान पाक माह रमजान के दौरान होने वाली असुविधाओं पर चर्चा हुई, तो शहर के चतुर्दिक विकास पर भी विचार हुआ. सबका यह मानना था कि सामूहिक प्रयास से ही धनबाद का विकास संभव है. पाक माह रमजान को लेकर सभी संबंधित विभागों से अपेक्षा की गयी कि इस दौरान सुविधाओं में कमी नहीं होगी. पानी, बिजली और सफाई जैसी बुनियादी चीजें जरूर उपलब्ध हों. सड़कों के गड्ढों, जाम और स्ट्रीट लाइट की समस्या उठायी गयीं, तो सुधार के उपाय भी बताये गये. पढ़ें विभागों से क्या थीं रोजेदारों की अपेक्षा और क्या सुझाव दिये गये…

जिला व निगम प्रशासन से अपेक्षाएं

जिला प्रशासन अल्पसंख्यक बहुल इलाकों पर ध्यान दे. नया बाजार, वासेपुर, पांडरपाला, टिकियापाड़ा व रहमतगंज जैसे इलाकों की सड़कों की मरम्मत करानी चाहिए. रांगाटांड़ से वासेपुर व नया बाजार जाने वाली मुख्य सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे के कारण रोज दुर्घटनाएं होती हैं, इन्हें ठीक कराने की मांग की गयी, तो नगर निगम से इन क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था चुस्त करने की अपील की गयी. वक्ताओं ने कहा कि जगह-जगह सड़क किनारे कचरे का ढेर लगा हुआ है, पानी भी नहीं मिल रही है, इसे दुरुस्त करने की मांग की गयी. टैंकर से पानी की आपूर्ति का सुझाव भी दिया गया.

पुलिस प्रशासन से अपेक्षा

आरा मोड़ व भूली मोड़ में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती होनी चाहिए. पुराना बाजार में पुलिस बल की स्थायी तैनाती हो, क्योंकि शाम में इफ्तार के समय जाम लग जाता है. इससे लोगों को बहुत परेशानी हो रही है. भीड़-भाड़ में चोरी व छिनतई की घटनाएं की भी आशंका रहती है.

कहते हैं रोजदार

रमजान अल्लाह का दिया हुआ बड़ा तोहफा है. यह विभिन्न कुरीतियों से निजात का संदेश देता है. भाईचारे के महत्व को बताता है. रमजान में सहरी, इफ्तार, तरावीह के समय बिजली नहीं कटनी चाहिए. पानी की भी जरूरत होती है. इस पर भी ध्यान देने की जरूरत है.

मो इमरान (जीवा)

मिशन रिलेशन पर जोर देने की जरूरत है. हर व्यक्ति अपने नजदीक के पांच लोगों से रिश्ता बनायें. धर्म, जाति से ऊपर उठ कर समाज के लिए जीने का समय आ गया है. मिशन हैप्पी धनबाद, हर घर में हो खुशहाली, हर चेहरे पर हो मुस्कान अभियान से जुड़ने की जरूरत है.

एजाज अली, अधिवक्ता

नगर निगम प्रशासन को रांगाटांड़ कब्रिस्तान की सफाई करानी चाहिए. कब्रिस्तान जाने वाली सड़क पर हमेशा जाम लगा रहता है. जैसे-तैसे वाहनें खड़ी कर दी जाती हैं. यहां गंदगी का अंबार है. रोजेदारों को वहां जाने में काफी परेशानी होती है.

मो. समी, अध्यक्ष, जामा मस्जिद रोड चेंबर ऑफ कॉमर्स, पुराना बाजार.

नया बाजार व वासेपुर क्षेत्र में सफाई कार्य में तेजी लायी जाये. सड़क के गड्ढों को भरा जाये. नालियां जाम हैं. सफाई के नाम पर सिर्फ घर से कचरा का उठाव हो रहा है. इसे ठीक करने की जरूरत है. लोड शेडिंग का समय बदलना चाहिए.

मो महफूज, पूर्व क्रिकेटर.

रमजान में बिजली संकट से काफी समस्याएं हो रही हैं. खासकर तरावीह व इफ्तार के समय पावर कट से आम रोजेदारों को दिक्कत होती है. वासेपुर, नया बाजार, कलाली बागान, टिकियापाड़ा, पांडरपाला इलाका के लिए बिजली विभाग को सोचना चाहिए.

परवेज खान, शिक्षक सह कमेंटेटर.

बिजली व पानी की समस्या गंभीर है. इस पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए. पुराना बाजार में पुलिस की तैनाती होनी चाहिए. रमजान को लेकर बाजार में काफी भीड़ होती है. चोरी, छिनतई की घटनाएं बढ़ गयी हैं. इस पर ध्यान देने की जरूरत है.

अफजल खान, सदर, अंजुमल इस्लाहुल मुस्लिमिन, पुराना बाजार.

स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करना चाहिए, ताकि रोजेदारों को परेशानी नहीं हो. नालियों की सफाई हो. मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. नगर निगम को फॉगिंग करानी चाहिए. नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.

एसए रहमान, महासचिव, इंडिगो क्लब, नया बाजार.B

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >