आठ लेन मार्ग पर श्रीधरपुर के समीप लंबे समय से स्ट्रीट लाइट बंद रहने से ग्रामीणों में आक्रोश है. शनिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन से जल्द प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के इस हिस्से में अंधेरा रहने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है.
15 दिन पहले युवक की हुई थी मौत
ग्रामीणों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले आठ लेन मार्ग पर दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी थी. शुक्रवार की रात भी दो बाइक डिवाइडर से टकरा गयीं. लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने सड़क पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग तेज कर दी है.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रहती, तो दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम की जा सकती थी. खासकर रात के समय वाहन चालकों को अंधेरे में सड़क, डिवाइडर और आसपास की स्थिति का अंदाजा लगाने में परेशानी होती है.
जर्जर तार से भी हादसे का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग के किनारे लगे बिजली के पोल के तार भी जर्जर हो चुके हैं. इससे कभी भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. उनका कहना है कि स्ट्रीट लाइट खराब होने के साथ विद्युत व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है.
कई बार आवेदन, फिर भी नहीं हुई मरम्मत
ग्रामीणों के अनुसार, स्ट्रीट लाइट और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए विद्युत विभाग को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है.
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्ट्रीट लाइट चालू नहीं की गयी और जर्जर तारों की मरम्मत नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. प्रदर्शन में ठाकुर महतो, प्रदीप नापित, राजेश मलिक, बीरबल सिंह, दानिश कुमार, सुबल मंडल, गणेश महतो, कृष्णा ठाकुर, श्रीकांत रवानी, हीरालाल सिंह समेत अन्य ग्रामीण शामिल थे.
