Dhanbad News: जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग पर मौन सत्याग्रह

गांधी सेवा सदन में कांग्रेस बचाओ समिति के बैनर तले हुआ कार्यक्रम. संगठन में परिवारवाद और कार्यशैली पर उठाये सवाल.

धनबाद कांग्रेस बचाओ समिति के बैनर तले बुधवार को गांधी सेवा सदन में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह किया गया. इसमें शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह को पद से हटाने की मांग करते हुए विरोध दर्ज कराया.

जिले में लगातार कमजोर हुआ है संगठन

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजेश्वर सिंह यादव ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाया. कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन लगातार कमजोर हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि वरिष्ठ नेताओं को भ्रमित किया जा रहा है और संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है. लोकसभा, विधानसभा और नगर निगम चुनावों में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन से नेतृत्व की कमजोरी उजागर हुई है. वक्ताओं ने संगठन में परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मामा-भांजा, पति-पत्नी और भाई-भतीजा को महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी दी गयी है. वहीं कांग्रेस की विचारधारा से मेल नहीं खाने वाले लोगों को भी अहम पद देने पर नाराजगी जतायी. वहीं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी एवं जिला प्रभारी राकेश किरण महतो द्वारा समय देकर नहीं मिलने पर भी नाराजगी जतायी. मौके पर श्रीराम चौरसिया, हुमायूं रजा, अशोक प्रकाश लाल, अनिल साव, मोइन अंसारी, मनोज सिंह, डी.एन. यादव, राजीव रंजन चौबे, माला झा, बबलू दास, कामता पासवान, मो. अनवर शमीम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.

कांग्रेस की छवि धूमिल करने वालों पर हो कार्रवाई

जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष इरफान खान चौधरी ने कहा कि कुछ लोग पद नहीं मिलने की नाराजगी में पार्टी अनुशासन तोड़कर कांग्रेस की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं. कांग्रेस एक अनुशासित संगठन है और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर पार्टी हित है. उन्होंने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व से अनुशासनहीन गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की. वहीं आरोप लगाया कि कुछ नेता चुनावों में भाजपा के लिए काम कर चुके हैं. अब संगठन को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok kumar

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >