धनबाद से प्रतीक पोपट
Dhanbad: धनबाद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त ने की. बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार, जिले के पुलिस अधिकारी, डीएसपी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए. इस दौरान सड़क हादसों के कारणों की समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं को कम करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए.
पिछले 1 साल में 300 से ज्यादा अवैध कट बंद
बैठक में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर बने अवैध कटों को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताया गया. अधिकारियों ने कहा कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने और नियमों की अनदेखी के कारण हर माह कई लोगों की जान जा रही है. मई महीने में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए विशेष रणनीति तैयार की गई. उपायुक्त ने बताया कि पिछले एक साल में जिले में 300 से ज्यादा अवैध कट बंद किए गए हैं और आगे भी दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई जारी रहेगी.
दुर्घटनाओं पर क्या कहा एसएसपी ने
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि अब शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि बाइक चालकों की सुरक्षा को देखते हुए डबल हेलमेट नियम को प्रभावी तरीके से लागू कराया जाएगा, ताकि चालक और पीछे बैठने वाले दोनों सुरक्षित रहें.
प्रशासन की आम लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को तेज करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके.
ये भी पढ़ें…
Dhanbad: पानी-बिजली की मांग को लेकर बागडीगी बस्ती के लोगों का प्रदर्शन, धूप में महिला हुई बेहोश
धनबाद: चंचलानी कॉलोनी के बंगले में गार्ड का संदिग्ध हालत में शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
