पॉलिटेक्निक प्रवेश : कॉलेज में नामांकन के लिए आज जारी होगा अस्थायी सीट आवंटन, 14 अगस्त तक होगा सत्यापन

झारखंड पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए आज अस्थायी सीट आवंटन पत्र जारी होगा। अभ्यर्थी 11 से 14 अगस्त तक दस्तावेज सत्यापन और नामांकन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की ओर से पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 2026 में सफल अभ्यर्थियों के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसेलिंग के लिए 10 अगस्त को अस्थायी सीट आवंटन पत्र जारी किया जायेगा. अभ्यर्थियों की ओर से रविवार तक भरे गये संस्थान और शाखा संबंधी विकल्पों के आधार पर सीट आवंटन किया जायेगा.

अभ्यर्थी पर्षद की वेबसाइट पर जाकर अपने अस्थायी सीट आवंटन पत्र को डाउनलोड कर सकेंगे. इसके बाद संबंधित संस्थान में दस्तावेज सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया 11 से 14 अगस्त तक चलेगी.

राज्य के सरकारी और निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों में मिलेगा दाखिला

पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन 12 जुलाई को किया गया था. जिसका परीक्षाफल जारी किया जा चुका है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए झारखंड के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों, महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों, सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत संचालित पॉलिटेक्निक संस्थानों और गैर-राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में अभियंत्रण डिप्लोमा पाठ्यक्रम में नामांकन होगा.

इसके अलावा उद्योग विभाग के अधीन रांची स्थित झारखंड सरकारी मिनी टूल रूम एवं प्रशिक्षण केंद्र तथा दुमका के सरकारी टूल रूम एवं प्रशिक्षण केंद्र में यांत्रिक अभियंत्रण (टूल एंड डाई) में प्रवेश मिलेगा.

रांची स्थित केंद्रीय प्लास्टिक अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के डिप्लोमा इन प्लास्टिक मोल्ड टेक्नोलॉजी और डिप्लोमा इन प्लास्टिक टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम में भी प्रवेश दिया जायेगा.

अधिक विकल्प भरने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा लाभ

मेधा सूची में शामिल और धनात्मक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को उपलब्ध संस्थानों एवं शाखाओं में अपनी प्राथमिकता के अनुसार विकल्प भरने का अवसर दिया गया था. विकल्प भरने की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं है.

पर्षद ने अभ्यर्थियों को अधिकाधिक संस्थानों और शाखाओं का विकल्प देने की सलाह दी है, ताकि उपलब्ध सीटों के आधार पर उनकी पसंद के अनुसार सीट आवंटित होने की संभावना बढ़ सके. संस्थानवार और कोटिवार सीटों का विवरण पर्षद की वेबसाइट के डाउनलोड खंड में उपलब्ध कराया गया है.

काउंसेलिंग शुल्क 250 से 400 रु और 1000 रु देना होगा

ऑनलाइन काउंसेलिंग के दौरान सामान्य, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 400 रु काउंसेलिंग शुल्क देना होगा. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रु निर्धारित है.

शुल्क क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग अथवा यूपीआई से जमा करना होगा और यह राशि वापस नहीं होगी. अस्थायी सीट आवंटन पत्र डाउनलोड करने के लिए 1000 रु आंशिक नामांकन शुल्क जमा करना अनिवार्य है.

आवंटित संस्थान में नामांकन लेकर पढ़ाई जारी रखने पर यह राशि शिक्षण शुल्क में समायोजित की जायेगी. निर्धारित समय पर नामांकन नहीं लेने पर सीट और संस्थान का आवंटन स्वतः रद्द हो जायेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shobhit ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >