धनबाद.
बिहार के कटिहार जिला के कोढ़ा गैंग की सक्रियता धनबाद जिला में बढ़ गयी है. गैंग आये दिन कहीं न कहीं घटनाओं को अंजाम दे रहा है. अब तक एक दर्जन से ज्यादा महिलाओं के चेन छीन चुका है. घटना के बाद पुलिस को कई सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी है, लेकिन अब तक अपराधियों को नहीं पकड़ा जा सका है. ऐसे में धनबाद पुलिस ने चेन स्नैचरों को पकड़ने के लिए अलग रणनीति बनायी है.कटिहार भेजी गयी एक टीम
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोढ़ा गैंग के अपराधियों को पकड़ने के लिए एक स्पेशल टीम को बिहार के कटिहार भेजा गया है. वह टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वहां के अपराधियों की शिनाख्त करेगी. शिनाख्त होने के बाद उन अपराधियों को पकड़ा जायेगा. वहीं धनबाद पुलिस ने पूर्व में कोढ़ा गैंग के जिन आरोपियों को जेल भेजा था, उन्हें भी तलाश कर रही है.
कॉलोनी से लेकर मुहल्लाें तक पर नजर
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी हाल की घटनाओं के बाद पुलिस खास कर धनबाद शहर के सभी मुहल्लाे और कॉलोनियों के लोगों से संपर्क कर रही है. पता लगा रही है कि हाल के दिनों में किसी बाहरी व्यक्ति ने किराये पर मकान या फ्लैट लिया है कि नहीं. मुहल्लाें के युवकों से पता लगाया जा रहा कि किन- किन लोगों ने हाल में तेज रफ्तार बाइक ली है और उनकी गतिविधि क्या है. पुलिस जिला के सभी होटल और लॉज में ठहरने वाले लोगों की सूची भी निकाल रही है. उनका सत्यापन स्थानीय थाना से कराया जा रहा है.शहर में बिछाया गया जाल
पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए शहर में जाल बिछाया है. इसके तहत कई जवानों को बाइक व कार से भीड़भाड़ वाले इलाकाें, मंदिर और वैसे स्थान, जहां महिलाएं आती-जाती हैं, वहां पोस्टिंग की गयी है. उन्हें जैसे ही चेन छीनने की भनक या सूचना मिलती है तो तुरंत कार्रवाई करते हुए अपराधियों को पकड़ेंगे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
